नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स की घोषणा, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड

यूपी की प्रियंका गोस्वामी और राजकुमार पाल की चमकी किस्मत

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारत सरकार ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2025 का ऐलान कर दिया है। 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। एथलेटिक्स से लेकर बैडमिंटन, हॉकी, शतरंज, शूटिंग और कबड्डी तक अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। खेल मंत्रालय ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर इन पुरस्कारों की घोषणा की है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2025 की सूची जारी करते हुए बताया कि हर साल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, कोच और संस्थाओं को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इस साल सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (रिटायर्ड) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने पुरस्कारों के लिए नामों की सिफारिश की थी।

अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए कुल 17 खिलाड़ियों के नाम चुने गए हैं। एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को सम्मान मिलेगा। बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और दिग्गज कोच पुलेला गोपीचंद की बेटी गायत्री गोपीचंद का सिलेक्शन हुआ है। बॉक्सिंग में नरेंद्र को अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा।

शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख को यह सम्मान मिलेगा। डेफ शूटिंग में धनुष श्रीकांत का नाम शामिल है। हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा। कबड्डी में सुरजीत और पूजा को चुना गया है। पैरा-शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा-एथलेटिक्स में एकता भयान, रोइंग में अरविंद सिंह और शूटिंग में अखिल श्योराण को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

खेलों में लम्बे समय तक योगदान देने वाले खिलाड़ियों को दिए जाने वाले लाइफटाइम अवॉर्ड के लिए फुटबॉल के आई. अरुमैनायगम को चुना गया है। यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने सक्रिय करियर के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और संन्यास के बाद भी खेलों के विकास में योगदान जारी रखा।

इन्हें मिलेगा द्रोणाचार्य अवॉर्ड

नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड में द्रोणाचार्य अवॉर्ड के नामों का भी ऐलान किया गया है। नियमित कैटेगिरी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को चुना गया है। वहीं लाइफटाइम कैटेगिरी में बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया जाएगा।

अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुने गए खिलाड़ियों की लिस्ट- तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), मुहम्मद अजमल वी (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), ट्रीसा जॉली (बैडमिंटन), पुलेला गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेन्द्र (बॉक्सिंग), विदित संतोष गुजराती (शतरंज), दिव्या जीतेन्द्र देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (डेफ शूटिंग), लालरेम्सियामी (हॉकी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भयान (पैरा एथलेटिक्स), अरविन्द सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग).

रिलेटेड पोस्ट्स