नूरजहां को गुजरात सरकार ने 'सरदार पटेल स्पोर्ट्स अवॉर्ड' से नवाजा
संघर्ष से सफलता तक: गुजरात की बेटी की उपलब्धियों को सलाम
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां नूरअली जमानी को गुजरात सरकार के प्रतिष्ठित 'सरदार पटेल स्पोर्ट्स अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में आयोजित एक समारोह में नूरजहां को इस सम्मान से नवाजा।
गुजरात सरकार के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग की ओर से शुरू किया गया 'सरदार पटेल स्पोर्ट्स अवॉर्ड' राज्य के प्रमुख खेल सम्मानों में से एक है। सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर दिए जाने वाले इस पुरस्कार से उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन और संघर्ष के दम पर गुजरात और देश का नाम रोशन किया है।
सम्मान मिलने पर नूरजहां ने कहा कि गुजरात सरकार से मिला यह पुरस्कार उनके लिए बेहद खास है और उन्हें भविष्य में और ऊंचे लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा, 'हर उपलब्धि गर्व के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने के मेरे संकल्प को मजबूत करती है। मैं मुझ पर भरोसा करने और हर कदम पर मेरे सफर में मेरा साथ देने के लिए अदाणी स्पोर्ट्सलाइन और गर्व है प्रोग्राम की आभारी हूं।'
नूरजहां फिलहाल अपनी कैटेगरी में भारत में नम्बर-1 और दुनिया में 27वें स्थान पर हैं। पांच साल की उम्र में पोलियो से प्रभावित होने वाली नूरजहां ने 2007 से 2010 के बीच पहली बार पैरा टेबल टेनिस में हिस्सा लिया था। इसके बाद वह एक दशक से अधिक समय तक प्रतिस्पर्धी खेल से दूर रहीं। साल 2022 में उन्होंने प्रतिस्पर्धी टेबल टेनिस में शानदार वापसी की और इसके बाद लगातार अपनी पहचान मजबूत की। उन्होंने यूटीटी नेशनल पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप जीतने के बाद इंदौर में आयोजित यूटीटी पैरा सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 2025-26 में भी अपना खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखा।
अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के चीफ बिजनेस ऑफिसर संजय अदेसारा ने नूरजहां को सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नूरजहां का सफर उस दृढ़ संकल्प और हिम्मत को दर्शाता है, जो एक चैंपियन की पहचान होती है। नूरजहां को अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के एथलीट डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत लंबे समय से हाई-परफॉर्मेंस सपोर्ट मिल रहा है। इसमें टूर्नामेंट प्लानिंग, कोचिंग गाइडेंस, प्रदर्शन की निगरानी और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक सहयोग शामिल है। नूरजहां अहमदाबाद की रहने वाली हैं और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड में जूनियर ऑफिसर के तौर पर भी काम करती हैं।
नूरजहां को यह सम्मान ऐसे समय मिला है, जब वह 2026 एशियन पैरा गेम्स के लिए क्वालिफाई करने की तैयारी में जुटी हैं। जापान के आइची और नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में जगह बनाने के लिए वह अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। नूरजहां का लक्ष्य अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सफलता में योगदान देना है।
