आरआईएस के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय समस्याओं पर रखी बेबाक राय
मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन में साझा कीं वैश्विक समस्याएं
टीम ऑस्ट्रेलिया विजेता तथा टीम यूएसए रही उप-विजेता
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं को किताबी ज्ञान देने के साथ ही उनकी छिपी प्रतिभा और कौशल को निखारने के पर्याप्त अवसर भी मुहैया कराए जाते है। इसी कड़ी में विद्यालय में मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) का आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए अपने कूटनीतिक कौशल, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। एमयूएन का शुभारम्भ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर नवीन राठी, जीएलए यूनिवर्सिटी के प्रो. (डॉ.) व्यास मुनि तथा स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन को समसामयिक और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को विभिन्न देशों इंडिया, यूके, यूएसए, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा एवं इजरायल का प्रतिनिधित्व करने वाले समूहों में विभाजित किया गया। सम्मेलन में छात्र-छात्राओं ने वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श किया। छात्र-छात्राओं ने जलवायु परिवर्तन, मानवाधिकार और वैश्विक शांति जैसे जटिल अंतरराष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में निर्णायक ब्रिगेडियर नवीन राठी और डॉ. व्यास मुनि ने छात्र-छात्राओं की सार्थक चर्चा, अहम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी बहस तथा वैश्विक चुनौतियों से निपटने में उनके सुझावों की प्रशंसा की तथा उनके असाधारण प्रयासों, बातचीत कौशल, तात्कालिक बुद्धिमत्ता के आधार पर उन्हें विनर एवं रनर अप के खिताब प्रदान किए।
अतिथियों द्वारा टीम ऑस्ट्रेलिया को विजेता, टीम यूएसए को उप-विजेता तथा इजरायल को अप्रिशिएसन पुरस्कार प्रदान किए गए। इतना ही नहीं टीम ऑस्ट्रेलिया को बेस्ट डेलिगेशन, टीम यूएसए को डिस्टिंग्विश डेलिगेशन एवं टीम इजराइल को डिप्लोमेटिक पोटेंशियल अवॉर्ड से नवाजा गया। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यक्रम की सफलता में प्रियंका चतुर्वेदी, प्रिया गर्ग, श्याम पांडेय एवं जहीर का विशेष योगदान रहा।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल और स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता-उपविजेता टीमों को बधाई दी। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं को विश्व की घटनाओं, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और संयुक्त राष्ट्र के कामकाज की गहरी समझ विकसित करने में मदद मिलती है।
स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां छात्र-छात्राओं को वैश्विक बातों की जानकारी मिलती है वहीं उनके लिए भविष्य की सम्भावनाओं के द्वार खुलते हैं। श्री अग्रवाल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हार-जीत की फिक्र न करते हुए सिर्फ मेहनत जारी रखिए, सफलता एक दिन कदम जरूर चूमेगी। अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने अतिथियों का आभार मानते हुए छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
चित्र कैप्शनः मॉडल यूनाइटेड नेशंस में वैश्विक समस्याओं पर चर्चा करते छात्र-छात्राएं, अन्य चित्र में अतिथियों के साथ विजेता-उपविजेता टीमों के विद्यार्थी।
