आरएनटीयू और मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने मिलाया हाथ
युवा पीढ़ी को बेहतर अवसर और अनुसंधान में मिलेगी मदद
खेलपथ संवाद
भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने प्रदेश में योगासन खेल की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। विश्वविद्यालय के योग विभाग और मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के बीच अनुबंध हुआ है। योगासन खेल, योग शिक्षा और योग अनुसंधान के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों संस्थाओं के बीच खिलाड़ियों को बेहतर अवसर दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
भविष्य में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कराने के लिए यह समझौता किया गया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी, मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा मौजूद रहे। बता दें कि इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य योगासन खेल को संस्थागत स्तर पर सशक्त बनाना, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी, कार्यशालाओं, प्रमाणन कार्यक्रमों, संयुक्त शोध परियोजनाओं साथ ही योगासन से संबंधित वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है।
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा योग के क्षेत्र में अधिकाधिक शोध कार्यों को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा साक्ष्य-आधारित (Evidence-based) योग अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से यह एमओयू किया गया है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) आर.पी. दुबे ने बताया कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार और खेल संस्कृति को भी सशक्त बनाना है। मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के साथ यह समझौता योगासन के वैज्ञानिक अध्ययन, अनुसंधान और खिलाड़ियों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा यह एमओयू योग शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे योगासन खेल को संस्थागत स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर दोनों संस्थाओं ने योगासन को खेल एवं वैज्ञानिक अध्ययन के रूप में विकसित करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं शोधार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा, अनुसंधान और खेल के समन्वित विकास के लिए संयुक्त रूप से काम करने का संकल्प भी लिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से एजीयू रिसर्च डायरेक्टर डॉ. रचना चतुर्वेदी, डॉ.सी.पी. मिश्रा, डॉ. रत्नेश पांडे, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. दुर्गा पांडेय, डॉ. डीजी थॉमस, अखिलेश विश्वकर्मा, निखिल मोदी, मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्य राजीव कस्तवार, दीपक जैन, आकाश विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ।
