इंग्लैंड अपने अभेद्य किले एजबेस्टन में 11 साल बाद हारा
अक्षर पटेल का ऑलराउंड प्रदर्शन, भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त
रोहित-कोहली सस्ते में आउट, कप्तान गिल ने संभाली जिम्मेदारी
खेलपथ संवाद
बर्मिंघम। कप्तान शुभमन गिल की शानदार कप्तानी पारी और अक्षर पटेल के दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। एजबेस्टन में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। खास बात यह रही कि एजबेस्टन में 2015 के बाद इंग्लैंड की यह पहली वनडे हार है। पिछली बार 2014 में भी उसे भारत ने ही इस मैदान पर हराया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने बेन डकेट और फिल सॉल्ट की मदद से तेज शुरुआत की। 13वें ओवर की शुरुआत तक टीम बिना किसी नुकसान के 61 रन बना चुकी थी और बड़ा स्कोर बनता नजर आ रहा था लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच की तस्वीर ही बदल दी।
जसप्रीत बुमराह ने दबाव बनाया तो गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार विकेट निकालकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। देखते ही देखते मेजबान टीम 107 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी। हैरी ब्रूक, जोस बटलर और जैकब बेथेल जैसे बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
107 रन पर छह विकेट गिरने के बाद अनुभवी जो रूट ने एक छोर संभाले रखा। उनका साथ दिया लंबे समय बाद वनडे टीम में लौटे लियाम डॉसन ने। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 121 रन जोड़कर भारत की पकड़ थोड़ी ढीली की। रूट ने 76 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं डॉसन ने 83 गेंदों में 68 रन बनाकर अपने वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। दोनों की साझेदारी के दम पर इंग्लैंड 258 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
भारत की ओर से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। शुरुआती ओवरों में विकेट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने आखिरी बल्लेबाजों को तेजी से समेटते हुए 10 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने आंकड़ों से कहीं बेहतर गेंदबाजी की। उन्होंने नौ ओवर में सिर्फ 31 रन देकर एक विकेट लिया और पूरे स्पेल में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 11 और विराट कोहली सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 48 रन पर दो बड़े विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड मैच में हावी नजर आ रहा था। ऐसे समय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर मौका मिलते ही अपने पसंदीदा ड्राइव और पुल शॉट्स से रन बटोरे। गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
शतक से पहले चोटिल हुए गिल, रिटायर्ड हर्ट लौटे
गिल शानदार लय में दिखाई दे रहे थे और उनका शतक लगभग तय माना जा रहा था। उन्होंने 75 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि पारी के दौरान पहले पिंडली में ऐंठन और फिर हैमस्ट्रिंग में परेशानी के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। गिल 80 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटे। एजबेस्टन में उनका शानदार रिकॉर्ड इस मैच में भी कायम रहा। पिछले साल इसी मैदान पर टेस्ट मैच में उन्होंने 269 और 161 रन की पारियां खेली थीं।
गिल के मैदान से बाहर जाने के बाद भारत पर थोड़ी देर के लिए दबाव बढ़ गया। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद जोश टंग की तेज गेंद पर केएल राहुल भी बोल्ड हो गए। भारत का स्कोर 160 रन पर चार विकेट हो गया और इंग्लैंड को मुकाबले में वापसी की उम्मीद दिखाई देने लगी।
अक्षर-वॉशिंगटन ने खत्म किया इंग्लैंड का सपना
टी20 सीरीज में बल्ले से संघर्ष करने वाले अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने वनडे में शानदार संयम दिखाया। दोनों ने पहले विकेट बचाए और फिर खराब गेंदों पर रन बटोरे। जोफ्रा आर्चर के तेज स्पेल को भी दोनों ने समझदारी से खेला और स्पिनरों के खिलाफ खुलकर रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन जोड़कर भारत को आसान जीत दिला दी। अक्षर ने 52 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 63 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाकर लौटे। वॉशिंगटन ने विजयी छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाने के साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
