एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित
सलीमा टेटे को फिर मिली कप्तानी, कौन हुआ बाहर?
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को जापान के आइची-नागोया में 19 सितम्बर से चार अक्टूबर तक होने वाले 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। 20 सदस्यीय टीम की कमान एक बार फिर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। सलीमा की कप्तानी में भारत ने पिछले महीने न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता था।
हाल ही में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित अनुभवी गोलकीपर सविता को टीम में जगह मिली है। उनके साथ बिचू देवी खरीबाम दूसरी गोलकीपर होंगी। डिफेंस में सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथांतलुआंगी और शिल्पी डबास को शामिल किया गया है। लालथांतलुआंगी और शिल्पी ने एफआईएच नेशंस कप के दौरान सीनियर टीम में पदार्पण किया था और शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियन गेम्स टीम में जगह बनाई।
मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग खेलती नजर आएंगी वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को शामिल किया गया है।
मुख्य कोच स्जोएर्ड मारिज्ने ने टीम चयन पर कहा, 'हमारे पास ऐसी टीम है जिसमें युवा, अनुभवी और सीनियर खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। सभी खिलाड़ी एक-दूसरे से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'इस टीम ने पिछले कुछ महीनों में शानदार फॉर्म और फिटनेस दिखाई है। हमें पूरा विश्वास है कि यह टीम एशियन गेम्स की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।'
भारत की 20 सदस्यीय महिला हॉकी टीम
गोलकीपर: सविता पूनिया, बिचू देवी खरीबाम, डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास, मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलिमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग, फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, ईशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।
