72 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंची स्विट्जरलैंड की टीम

कोलंबिया को पेनल्टी शूट में हराकर किया विश्व कप से बाहर

खेलपथ संवाद

वैंकूवर। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड ने रोमांचक मुकाबले में कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमों के बीच कोई भी गोल नहीं हो सका, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें रूबेन वर्गास ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलकर स्विट्जरलैंड की जीत सुनिश्चित कर दी।

इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने इतिहास रच दिया। टीम 1954 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। 1954 में स्विट्जरलैंड ने मेजबानी करते हुए अंतिम-8 में जगह बनाई थी। अब 72 साल बाद टीम ने फिर से यह उपलब्धि हासिल की है।

क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड का सामना गत चैम्पियन अर्जेंटीना से होगा। यह मुकाबला शनिवार को अमेरिका के कैनसस सिटी स्थित एरोहेड स्टेडियम में खेला जाएगा। अर्जेंटीना ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मिस्र को 3-2 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया था।

स्विट्जरलैंड इस मुकाबले में अपने युवा मिडफील्डर जोहान मन्जाम्बी के बिना उतरा था। मन्जाम्बी सोमवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे और इस कारण मैच नहीं खेल सके। इसके बावजूद स्विस टीम ने शानदार अनुशासन और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए कोलंबिया को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया और अंत में पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर ली।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स