इंग्लैंड ने मेक्सिको को रोमांचक मुकाबले में हराया, क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश

इस स्टेडियम में इंग्लैंड ने मैक्सिको को विश्व कप में पहली हार का स्वाद चखाया

खेलपथ संवाद

मैक्सिको सिटी। इंग्लैंड की एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम से कुछ कड़वी यादें जुड़ी थी जबकि मैक्सिको विश्व कप में हमेशा यहां से सुखद अनुभूति के साथ ही लौटा था लेकिन रविवार को इसका उल्टा हो गया। इंग्लैंड ने मैक्सिको को अंतिम 16 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित करके विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। जूड बेलिंगहैम ने 98 सेकेंड के अंतराल में दो गोल किए और हैरी केन ने पेनल्टी को तब गोल में बदला जब इंग्लैंड 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहा था।

इंग्लैंड ने इस स्टेडियम में मैक्सिको को विश्व कप में पहली हार का स्वाद चखाया।  बेलिंगहैम ने 80,000 से अधिक दर्शकों को उस स्टेडियम में चौंका दिया, जहां मैक्सिको 10 विश्व कप मैचों में अपराजित रहा था, जिसमें इस साल के तीन मैच भी शामिल हैं। उन्होंने 36वें मिनट में हेडर से गोल किया और फिर केन के पास पर 38वें मिनट में दूसरा गोल दागा।

जूलियन क्विनोनेस ने 42वें मिनट में मैक्सिको के लिए गोल किया। इसके बाद तब मैच का रुख मैक्सिको के पक्ष में मुड़ता नजर आ रहा था जब इंग्लैंड के जारेल क्वानसाह को 54वें मिनट में जीसस गैलार्डो पर खतरनाक फाउल करने के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया।

मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल की गलती के चलते इंग्लैंड को पेनल्टी मिली और केन ने इसे गोल में तब्दील करते हुए टूर्नामेंट का अपना छठा और विश्व कप करियर का 14वां गोल दागा। केन के इस टूर्नामेंट में छह गोल हो गए हैं और 'गोल्डन बूट' की दौड़ में वह लियोनेल मेस्सी, काइलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालैंड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। मैक्सिको 1986 में मेजबानी करने के बाद से क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंच पाया है। तब से वह आठ बार राउंड ऑफ 16 में हार चुका है।

रिलेटेड पोस्ट्स