हरमनप्रीत कौर के हाथों ही रहेगी भारतीय टीम की कमान
एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित
यास्तिका भाटिया बाहर, जी कमलिनी को मिला मौका
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। इंग्लैंड में हुए आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के पास ही रहेगी। महिला चयन समिति ने मंगलवार को 19 सितम्बर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान बनी रहेंगी।
भारतीय टीम एशियाई खेलों की मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता है। उसने 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित पिछले संस्करण में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। भारत का विश्व कप अभियान रविवार को ऑस्ट्रेलिया से ग्रुप चरण में मिली हार के साथ समाप्त हो गया था। विश्व कप टीम में इस बार केवल एक बदलाव किया गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को बाहर कर उनकी जगह जी कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है।
विश्व कप के दौरान टखने की चोट के कारण बाहर हुईं ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को भी टीम में जगह मिली है। हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी। बल्लेबाजी में हरमनप्रीत कौर के अलावा स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष से बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद होगी। वहीं गेंदबाजी का जिम्मा मुख्य रूप से दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा संभालेंगी।
भारतीय टीम- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।
