एंसी सोजन और सर्वेश कुशारे का ऐतिहासिक प्रदर्शन

अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड टूटा

खेलपथ संवाद

भुवनेश्वर। केरल की लम्बी कूद की खिलाड़ी एंसी सोजन ने राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में लॉन्ग जंप में अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं ऊंची कूद में सर्वेश कुशारे ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। 25 वर्ष की एंसी सोजन ने 6.88 मीटर की कूद लगाई। पूर्व विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता अंजू का रिकॉर्ड 6.83 मीटर का था जो उन्होंने 2004 एथेंस ओलम्पिक में बनाया था।

एंसी सोजन ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा तय किये गए एशियाई खेलों के 6.48 मीटर के क्वालीफाइंग आंकड़े को भी पीछे छोड़ा। वह इससे पहले इस सत्र में 6.75 मीटर की कूद लगाने वाली दूसरी एशियाई खिलाड़ी थी जो उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उत्तर प्रदेश की शैली सिंह 6.67 मीटर के साथ दूसरे और लक्षद्वीप की मुबासिना मोहम्मद 6.53 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रही और तीनों ने एशियाई खेलों का क्वालीफाइंग मार्क हासिल किया। लेकिन शीर्ष दो को ही टीम में जगह मिलेगी।

इससे पहले महाराष्ट्र के सर्वेश कुशारे ने पुरूषों की ऊंची कूद में 2.31 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। पिछले साल टोक्यो विश्व चैम्पियनशिप में पुरूषों की ऊंची कूद फाइनल में जगह बनाने वाले पहले भारतीय बने कुशारे ने तेजस्विन शंकर का 2018 में बनाया 2.29 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वैश्विक सत्र रैंकिंग में संयुक्त तीसरे और एशिया में शीर्ष पर हैं।

एंसी ने रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कहा, ‘अंजू लीजैंड है। मैं इतना ही कहूंगी कि वह प्रेरणास्रोत रही हैं। मैंने उनकी कूद कई बार देखी है और मैं जानती हूं कि उन्होंने कितनी मेहनत की होगी। उम्मीद है कि मैम आज इस प्रदर्शन से खुश हुई होंगी।’

रिलेटेड पोस्ट्स