बारिश की खलल, रॉयल निमाड़ ईगल्स फाइनल में पहुंची

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीगः रीवा जैगुआर्स के अरमानों पर फिरा पानी

खेलपथ संवाद

इंदौर। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में रॉयल निमाड़ ईगल्स और रीवा जैगुआर्स के बीच गुरुवार को होलकर स्टेडियम, इंदौर में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। लगातार बारिश के कारण मैच का परिणाम नहीं निकल सका, लेकिन लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन और ऊंची रैंकिंग के आधार पर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।

रीवा जैगुआर्स की पारी 7.2 ओवर में 4 विकेट पर 41 रन तक पहुंची थी, तभी बारिश ने खेल रोक दिया और अंततः मुकाबले को “नो रिजल्ट” घोषित करना पड़ा। टॉस जीतकर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने शुरुआत से ही रीवा जैगुआर्स पर दबाव बनाए रखा। रीवा को पहला झटका 2 रन पर लगा, जब अक्षत रघुवंशी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद मोहम्मद अरहम आकिल 9 रन और अनंत वर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। रीवा की ओर से कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने 22 गेंदों में 25 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन 7.2 ओवर में उनके आउट होते ही बारिश ने मैच पर पूरी तरह विराम लगा दिया। उस समय सागर सोलंकी 5 रन बनाकर नाबाद थे।

रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से गेंदबाजी में कुमार कार्तिकेय सबसे प्रभावशाली रहे। उन्होंने 2 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा परुष मंडल और धर्मेश पटेल ने 1-1 विकेट हासिल किया। ईगल्स के गेंदबाजों ने नई गेंद से सटीक लाइन-लेंथ के साथ रीवा के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।

रॉयल निमाड़ ईगल्स ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों में 7 जीत के साथ 15 अंक अर्जित किए और अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि रीवा जैगुआर्स 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। इसी बेहतर लीग प्रदर्शन के चलते बारिश से बाधित सेमीफाइनल का फैसला रॉयल निमाड़ ईगल्स के पक्ष में गया और टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली।

रिलेटेड पोस्ट्स