आईओए कर रहा फर्जी खेल संघों पर नकेल की तैयारी

भारतीय ओलम्पिक संघ ने खेल मंत्री को लिखा पत्र

भेजी  25 फर्जी खेल संगठनों की सूची, कार्रवाई की मांग

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. ऊषा द्वारा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को एक महत्वपूर्ण पत्र भेजकर भारत में संचालित कथित फर्जी खेल संघों, फेडरेशनों, अकादमियों एवं संगठनों के विरुद्ध जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। आईओए ने 25 फर्जी खेल संगठनों की सूची जारी की है।

आईओए के अनुसार ये संगठन बिना किसी आधिकारिक मान्यता के राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से धनराशि वसूल रहे हैं तथा ऐसे प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं जिनकी कोई आधिकारिक मान्यता या लाभ नहीं है। इनकी गतिविधियां दिल्ली एनसीआर, नोएडा, बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई क्षेत्रों में संचालित होने की जानकारी दी गई है।

आईओए द्वारा जारी सूची में 25 कथित फर्जी खेल संघों, फेडरेशनों, अकादमियों एवं संगठनों के नाम शामिल हैं, जोकि बिना किसी आधिकारिक मान्यता के राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से धनराशि वसूल रहे हैं तथा ऐसे प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं जिनकी कोई आधिकारिक मान्यता या लाभ नहीं है।

आईओए की जारी सूची में ये शामिलः नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन, स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फाउंडेशन, खेलो हिंद स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फाउंडेशन, स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फाउंडेशन तमिलनाडु, स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट एसोसिएशन, स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी फेडरेशन ऑफ इंडिया, यंग स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ इंडिया, स्टूडेंट गेम्स एक्टिविटी फाउंडेशन, नेपाल स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फाउंडेशन, ऑर्गनाइज़ेशन फॉर यूथ स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फाउंडेशन, स्कूल गेम्स डेवलपमेंट फाउंडेशन, स्कूल गेम्स डेवलपमेंट फाउंडेशन इंडिया, इंडियन स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट एकेडमी, एमेच्योर स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्कूल गेम्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्कूल ऑल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट ऑर्गनाइज़ेशन, इंडियन विमेन ओलम्पिक एसोसिएशन, रूरल गेम्स ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ इंडिया, नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, यूथ गेम्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया, यूथ स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, इंडियन गेम्स एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, खेलो इंडिया स्पोर्ट्स फेडरेशन, इंडिया, यूथ स्पोर्ट्स एंड प्रमोशन एसोसिएशन।

भारतीय ओलम्पिक संघ ने खेल मंत्रालय से अनुरोध किया है कि इन संगठनों की गतिविधियों की विस्तृत जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे युवा खिलाड़ियों को भ्रम और आर्थिक शोषण से बचाया जा सके तथा भारतीय खेलों की विश्वसनीयता और गरिमा को बनाए रखा जा सके। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेने या किसी संस्था से जुड़ने से पहले उसकी मान्यता एवं वैधता की पूरी जांच अवश्य करें।

रिलेटेड पोस्ट्स