शान से फाइनल में पहुंचा भारत, अफगानिस्तान को 101 रनों से रौंदा

तिलक वर्मा की टोली के तीन बल्लेबाजों ने ठोके शानदार पचासे

खेलपथ संवाद

दाम्बुला। बुधवार को ट्राई सीरीज के मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 101 रनों से हरा दिया। तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 319 रन बनाए थे. इसके जवाब में अफगानिस्तान ए की पूरी टीम 218 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारतीय टीम अपने चारों मैच खेल चुकी है और 101 रनों की विशालकाय जीत के बाद उसकी फाइनल में जगह पक्की हो चुकी है।

भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने आई। प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने 75 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप करके टीम को बढ़िया शुरुआत दिलाई। प्रियांश ने 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर शुरुआत मिली, लेकिन 38 रनों से आगे नहीं बढ़ पाए। प्रियांश के अलावा टीम इंडिया के लिए कप्तान तिलक वर्मा (59 रन) और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (58 रन) ने भी अर्धशतक लगाया।

अफगानिस्तान ए की टीम के लिए बाहिर शाह फिफ्टी लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 57 रन बनाए। फैजल शिनोजादा ने 46 रनों का योगदान दिया और कप्तान इमरान मीर ने 32 रन बनाए। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। इस तरह पूरी अफगान टीम 218 रनों पर सिमट गई और 101 रनों के बड़े अंतर से मैच हार गई।

अफगानिस्तान पर 101 रनों की जीत दर्ज करके भारत ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। देखा जाए तो अब भी ऐसी स्थिति बन सकती है, जहां भारत, अफगानिस्तान और श्रीलंका, तीनों के 4-4 अंक हो जाएं। मगर बेहतर नेट रन रेट के चलते टीम इंडिया फाइनल में पहुंच चुकी है। अफगानिस्तान और श्रीलंका में से कोई एक ही नेट रन रेट के मामले में भारत से आगे जा सकता है, इसलिए टीम इंडिया फाइनल में जा चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स