गिरिडीह पहुंची झारखंड प्रीमियर लीग की ट्रॉफी
झारखंड प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 10 जून से होगा
खेलपथ संवाद
रांची। इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर आयोजित होने वाली झारखंड प्रीमियर लीग 2026 10 जून से शुरू होने जा रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बीच गिरिडीह में रांची टाइटंस टीम को लेकर खास चर्चा चल रही है, क्योंकि इस टीम का मालिकाना हक गिरिडीह के मशहूर बिजनेस ग्रुप सलूजा गोल्ड के पास है।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि जेपीएल जैसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों के अंदर प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ेगा। रांची टाइटंस के ऑनर अमरजीत सिंह सलूजा ने कहा कि क्रिकेट पूरे देश में सबसे लोकप्रिय खेल है और झारखंड प्रीमियर लीग राज्य में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छह टीमों के इस टूर्नामेंट में रांची टाइटंस का स्वामित्व गिरिडीह के सलूजा गोल्ड के पास है और गिरिडीह को टीम का दूसरा घर माना जाता है।
रांची टाइटंस की कप्तानी ऑलराउंडर राजनदीप सिंह कर रहे हैं, जबकि शिखर मोहन उप-कप्तान हैं। टीम में आयुष भारद्वाज, सत्या सेतु, यश भगत, कुमार अंकित, श्रेष्ठ, युवराज सिंह, ओम सिंह, आर्यन हुडा, सचिन यादव, युवराज कुमार, मुकेश सिंह, प्रिंस मुर्मू, जतिन पांडे, सौरभ सरकार, प्रेम कुमार चौरसिया और इशान ओम जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के कोच रतन कुमार और कौशल किशोर सिंह हैं, जबकि टीम मैनेजर की जिम्मेदारी रजनीश सहाय निभा रहे हैं. झारखंड प्रीमियर लीग के शुरू होने से पहले रांची टाइटंस के ट्रॉफी सफर ने क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है. अब सबकी निगाहें 10 जून से शुरू होने वाले मुकाबलों पर हैं।
