सूर्यकुमार की कप्तानी पर मंडराए संकट के बादल
चयनकर्ता आईपीएल के आखिर तक इंतजार करना चाहते थे
श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा कप्तानी की दौड़ में शामिल
खेलपथ संवाद
मुल्लांपुर। सूर्यकुमार यादव को भारत की टी20 टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है और ब्रिटेन दौरे के लिए टीम चुने जाने से पहले ही इस बारे में शीर्ष परिषद को सूचित किया जा सकता है। श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा भारतीय टी20 टीम के कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार की जगह लेने के लिए सबसे बड़े दावेदार बनकर उभरे हैं। उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया शीर्ष परिषद को इस बारे में जानकारी देंगे कि सूर्यकुमार को हटाने के मामले में राष्ट्रीय चयन समिति और मुख्य कोच गौतम गंभीर एकमत हैं या नहीं।
यह साफ है कि अगर सूर्यकुमार को कप्तानी से हटाया जाता है तो लगभग 18 महीनों तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण उन्हें टीम में एक खिलाड़ी के तौर पर भी नहीं रखा जाएगा। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बुधवार को बताया कि सूर्यकुमार को कप्तानी से हटाया जाना लगभग तय है। चयनकर्ता आईपीएल के आखिर तक इंतजार करना चाहते थे, ताकि यह देख सकें कि क्या वह अपनी पुरानी लय में लौट पाते हैं या नहीं। वह पूरी तरह से लय से बाहर दिखे। वह रन ही नहीं बना रहे थे बल्कि उनकी बल्लेबाजी में भी वह धार नहीं दिख रही थी।
अब एक कड़ा फैसला लेना जरूरी हो गया है। चयनकर्ता उन्हें लम्बी सूची से बाहर कर देंगे और उन्होंने संकेत दे दिया है कि सूर्यकुमार अब उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा अगले टी20 कप्तान बनने के दावेदार हैं। कप्तानी का चुनाव इतना सीधा नहीं है। जैसा कि पिछले सप्ताह बताया था कि कुछ विकल्प मौजूद हैं। सूर्यकुमार के बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर एक स्वाभाविक पसंद लगते हैं। एक अप्रत्याशित विकल्प तिलक हो सकते हैं, जिनके बारे में चयन समिति के कई सदस्यों का मानना है कि अपनी उम्र को देखते हुए वह एक आदर्श उम्मीदवार हैं।
गौतम गंभीर को श्रेयस को लेकर कुछ आपत्तियां
तिलक को श्रीलंका में ए सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है ताकि उनकी कप्तानी की काबिलियत को परखा जा सके। ऐसा समझा जाता है कि गौतम गंभीर को श्रेयस को लेकर कुछ आपत्तियां हैं जो 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे जब मौजूदा भारतीय मुख्य कोच टीम के मेंटोर थे। उस समय श्रेयस ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनकी काबिलियत को कम आंका जा रहा है।
यह बात किसी की नजर से छिपी नहीं रही। सभी को पता है कि गौतम गंभीर की पहली पसंद संजू सैमसन हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप के नॉकआउट चरण में शानदार प्रदर्शन किया था। चयनकर्ताओं को इस बात का पूरा भरोसा नहीं है कि सैमसन या ईशान किशन में से कोई भी लम्बे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पाएगा।
