नंदिनी शर्मा की गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड पहले टी-20 में पस्त

यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार बल्लेबाजी की

खेलपथ संवाद

लंदन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे का शानदार आगाज करते हुए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में मेजबान टीम को 38 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। बल्लेबाजी में यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने दमदार अर्धशतक लगाए, जबकि गेंदबाजी में डेब्यू कर रहीं नंदिनी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके।

हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहीं स्मृति मंधाना के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह मैच की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली भी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दो शुरुआती झटकों के बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 126 रन की बेहतरीन साझेदारी की।

यास्तिका ने 40 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं जेमिमा ने सिर्फ 40 गेंदों पर 69 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। अंत में दीप्ति शर्मा ने 13 गेंदों पर 22 रन बनाकर भारत का स्कोर 188 रन तक पहुंचाया। 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। ऐलिस कैप्सी सिर्फ छह रन बनाकर आउट हुईं, जबकि सोफिया डंकले 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

इसके बाद हीथर नाइट और एमी जोंस ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। एमी जोन्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 67 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। डेब्यू मैच खेल रहीं नंदिनी शर्मा ने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं क्रांति गौड़ ने दो विकेट हासिल किए। श्रीचरणी और दीप्ति शर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।

मैच के बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर यास्तिका भाटिया की वापसी को जीत का सबसे बड़ा कारण बताया। मंधाना ने कहा, 'पावरप्ले में दो विकेट गंवाना सही नहीं था। जीत का श्रेय 8 महीने बाद वापसी करने वालीं यास्तिका को जाता है। वह मैच को इंग्लैंड की पहुंच से दूर ले गईं।'

उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स की भी तारीफ करते हुए कहा, 'जेमिमा ने एक बार फिर वही काम किया, जो वह हमेशा करती हैं।' कप्तान ने डेब्यू स्टार नंदिनी शर्मा की भी सराहना की। उन्होंने कहा, 'नंदिनी के अंदर दमदार प्रदर्शन करने की आग है। उन्होंने कुछ अहम ओवर डाले और महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।' इस जीत के साथ भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे की शानदार शुरुआत की है और अब उसकी नजरें सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स