गांव की बेटी अदिति ने क्रिकेट में गाड़े सफलता के झंडे

ग्राम गौरव खिलाड़ी सम्मान से नवाजी गई क्रिकेटर बिटिया

स्टेट अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिलना बड़ी उपलब्धि

खेलपथ संवाद

सोनीपत/चंडीगढ़। हरियाणा की बेटियां खेल के मैदान में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में सोनीपत जिले के दुभेटा गांव की 16 वर्षीय क्रिकेटर अदिति श्योराण ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन से नई पहचान बनाई है। क्रिकेट में उल्लेखनीय उपलब्धियों और गांव का नाम रोशन करने पर अदिति को ग्राम पंचायत की ओर से ग्राम गौरव खिलाड़ी सम्मान से नवाजा गया। गांव में आयोजित सम्मान समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान विशेष रूप से मौजूद रहे।

गांव के सरपंच विकास आर्य ने अदिति को सम्मानित करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में खेलों में उनकी उपलब्धियां पूरे गांव के लिए गर्व की बात हैं। उनकी सफलता दूसरी बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने का हौसला देगी। समारोह में अतिथियों ने अदिति की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बेटियों को खेलों में प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

अदिति पिछले करीब पांच वर्षों से क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा अदिति ने वर्ष 2022 में चंडीगढ़ प्रशासन की सेक्टर-16 स्थित चंडीगढ़ क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लिया था। वह इस एकेडमी में प्रवेश पाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की महिला अंडर-19 टीम का वह लगातार तीन वर्षों से प्रतिनिधित्व कर रही हैं। नेशनल स्कूल गेम्स में चंडीगढ़ क्रिकेट टीम की कप्तानी करने के साथ ही यूटीसीए के जोनल मुकाबलों में सबसे कम उम्र की कप्तान बनने का गौरव भी हासिल कर चुकी हैं।

क्रिकेट के अलावा अदिति ने सॉफ्टबॉल और बेसबॉल में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है। इन दोनों खेलों में वह चंडीगढ़ का राज्य स्तरीय और नेशनल स्कूल गेम्स में प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। यूटीसीए की ओर से आयोजित गली क्रिकेट टूर्नामेंट में 46 टीमों के बीच उनकी टीम ने खिताब जीता था। इस उपलब्धि में अदिति की अहम भूमिका रही। यह टूर्नामेंट एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो चुका है।

अदिति की खेल उपलब्धियों को चंडीगढ़ और हरियाणा में भी सराहना मिली है। 15 अगस्त 2025 को चंडीगढ़ प्रशासन के प्रतिष्ठित स्टेट अवार्ड से उन्हें पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सम्मानित किया था। वहीं, 26 जनवरी 2025 को सोनीपत में हरियाणा सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने उन्हें सम्मान दिया था। पंजाब यूनिवर्सिटी और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक भी अदिति को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित कर चुके हैं। हाल ही में कार्मल कान्वेंट स्कूल के वार्षिक खेल समारोह में भी उन्हें स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया।

दादा-दादी को पोती की उपलब्धियों पर गर्व

अदिति के दादा चौधरी रघुवीर सिंह श्योराण और दादी मूर्ति देवी पोती की उपलब्धियों से बेहद खुश हैं। हरियाणा रोडवेज के गोहाना डिपो से सेवानिवृत्त रघुवीर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत की ओर से मिला सम्मान अदिति को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। अदिति की माता अनु श्योराण हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग में अंग्रेजी लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं।

अदिति ने कहा कि अपने गांव की पंचायत से सम्मानित होना उनके लिए बेहद खास है। गांवों में बेटियों के प्रति बदलती सोच और खेलों में मिल रहे प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। फिलहाल वह जनवरी 2027 में प्रस्तावित बीसीसीआइ अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट और नेशनल स्कूल गेम्स की तैयारियों में जुटी हैं। उनका लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बनाना है। अदिति की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा को अवसर और परिवार-समाज का प्रोत्साहन मिले तो गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स