भारतीय दिग्गज तीरंदाज श्याम लाल मीणा का निधन
1988 सियोल ओलम्पिक में किया था देश का प्रतिनिधित्व
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत के पूर्व दिग्गज तीरंदाज श्याम लाल मीणा का लम्बी बीमारी के बाद 61 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। श्याम ने 1988 सियोल ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने रविवार देर रात अस्पताल में आखिरी सांस ली।
भारतीय तीरंदाजी संघ ने पूर्व तीरंदाज को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, '1988 के सियोल ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलम्पियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता श्याम लाल मीणा को श्रद्धांजलि। भारतीय तीरंदाजी में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।' मीणा को खेलों में उनके योगदान के लिए 1989 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के केवड़िया गांव में जन्मे मीणा उस भारतीय पुरुष रिकर्व टीम का हिस्सा थे जिसने 1987 में कोलकाता में एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उस टीम में श्याम के साथ लिम्बा राम और रजत हलदर भी शामिल थे। पोडियम फिनिश करने से भारत 1988 सियोल ओलम्पिक के लिए क्वालिफाई कर सका था। यह पहली बार था जब भारतीय तीरंदाजों ने ओलम्पिक में डेब्यू किया था।
