रांची में एथलीटों ने पहले ही दिन तोड़े दो नेशनल रिकॉर्ड
29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। इस प्रतियोगिता के शुरुआती दिन कई बड़े मुकाबले हुए लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पुरुषों की 100 मीटर दौड़ को लेकर रही जहां दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने और भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाई मिली।
पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में रिलायंस के धावक गुरिंदरवीर सिंह ने 10.17 सेकेंड का समय निकालते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। इसके कुछ ही देर बाद ओडिशा के स्टार स्प्रिंटर और मौजूदा राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष कुजूर ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 10.15 सेकेंड का समय दर्ज कर इतिहास रच दिया।
स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने दोनों धावकों के प्रदर्शन पर जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। इस स्पर्धा में बिहार के विभास्कर कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन किया और हीट्स में 10.36 सेकेंड का समय निकालकर अपनी दावेदारी मजबूत की वहीं लालू प्रसाद भोई, प्रणव प्रमोद गुरव और सैम वसंथ जैसे धावकों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर फाइनल को रोमांचक बना दिया।
महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में भी खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार दिखाई। सेमीफाइनल के लिए जारी सूची में ओडिशा की अनुभवी धाविका श्राबणी नंदा, बिहार की शताक्षी राय, हरियाणा की तमन्ना और तमिलनाडु की गिरिधारानी रविकुमार जैसे नाम शामिल रहे। खिलाड़ियों की नजर कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क को हासिल करने पर रही।
वहीं पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में उत्तराखंड के दीपक भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 29 मिनट 42.93 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। कर्नाटक के शैलेश कुशवाहा दूसरे और उत्तर प्रदेश के प्रशांत चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। दौड़ के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की रविना गायकवाड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। रविना ने 35 मिनट 30.98 सेकेंड में दौड़ पूरी की। उत्तराखंड की सोनिया ने रजत और महाराष्ट्र की आरती पावरा ने कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में केरल की रीबा अन्ना जॉर्ज और आईओसीएल की संगमित्रा महाता ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
डेकाथलॉन स्पर्धा में भारत के स्टार एथलीट तेजस्विन शंकर ने अपनी छाप छोड़ी। 100 मीटर डेकाथलॉन में उन्होंने थौफीक एन के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज समय निकाला। दोनों खिलाड़ियों ने 10.77 सेकेंड का समय निकाल कर 912 अंक अर्जित किए. इसके बाद लम्बी कूद स्पर्धा में तेजस्विन ने 7.67 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया और 977 अंक अपने नाम किए। हालांकि शॉटपुट डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 13.31 मीटर का थ्रो किया और 686 अंक हासिल किए। हरियाणा के चमनजोत सिंह ने 13.35 मीटर के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष हैमर थ्रो फाइनल में आशीष जाखड़ ने 68.52 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक जीता। दमनीत सिंह ने रजत और अजय कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
इस प्रतियोगिता के पहले दिन अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की लंबी कूद में नेवी की एंसी सोजन ने 6.75 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने शाइली सिंह के पिछले रिकॉर्ड 6.64 मीटर को पीछे छोड़ दिया। वहीं पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में उत्तराखंड के दीपक भट्ट ने 29 मिनट 42.93 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की रविना गायकवाड़ 35 मिनट 30.98 सेकेंड के समय के साथ विजेता रहीं।
इस प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉट पुट सहित कई अन्य स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन ही रिकॉर्ड टूटने से यह साफ हो गया कि इस बार की राष्ट्रीय प्रतियोगिता बेहद प्रतिस्पर्धी और यादगार होने वाली है। भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन के पदाधिकारी मधुकांत पाठक ने कहा कि रांची में खिलाड़ियों को बेहतरीन माहौल मिल रहा है और लगातार रिकॉर्ड टूटना इस बात का संकेत है कि भारतीय एथलेटिक्स नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां खिलाड़ियों का प्रदर्शन भविष्य के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए भी सकारात्मक संकेत दे रहा है। 22 से 25 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। कई खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरे हैं। पहले दिन के प्रदर्शन ने आने वाले मुकाबलों के प्रति खेल प्रेमियों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
