हैदराबाद का दमदार वार, आरसीबी को 55 रन से हराकर मचाया धमाल
अभिषेक-ईशान का तूफान, रन बरसे, खूब टूटे आईपीएल के रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
हैदराबाद। सनराइजर्स हैदराबाद ने शुकवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रन से हराया। हार के बावजूद आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष पर रही। गुजरात टाइटन्स ने दूसरा और सनराइजर्स हैदराबाद ने तीसरा स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79 रन) के बेखौफ अंदाज और हेनरिक क्लासेन (51 रन) की ताकतवर हिटिंग की बदौलत शुकवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर हर हाल में आक्रामक बल्लेबाजी करने की अपनी रणनीति को बरकरार रखा। अभिषेक (22 गेंद) ने जहां एक बार फिर 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा तो वहीं उप-कप्तान किशन ने सटीक टाइमिंग और चतुर बल्लेबाजी से गैप ढूंढकर महज 44 गेंद में तूफानी पारी खेली। तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी करने वाले सभी टीमों के बल्लेबाजों में सबसे निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी क्लासेन (24 गेंद) ने जोश हेजलवुड जैसे विश्व-स्तरीय गेंदबाज की गेंदों को मनमुताबिक खेला।
उन्होंने हेजलवुड के तीसरे ओवर (पारी का 13वां ओवर था) में 27 रन बटोरे जिससे टीम ने सुनिश्चित कर लिया कि बल्लेबाजी के लिए एकदम सपाट पिच पर वे 250 रनों के आंकड़ा पार कर लेंगे। किशन और क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 113 रन की साझेदारी निभाई। पर इसकी शुरुआत अभिषेक ने की, उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को उनके पहले स्पेल में पूरी तरह बेअसर कर दिया। उन्होंने भुवनेश्वर की एक गेंद को बड़ी खूबसूरती से लांग ऑफ के काफी बाहर से ऊपर उठाकर अपना पहला छक्का जड़ा। भुवनेश्वर को उन्होंने कोई मौका नहीं दिया और लगातार दो गेंदों पर उन्हें स्क्वायर-लेग के ऊपर से और दूसरी बार डीप मिड-विकेट के ऊपर से फ्लिक किया।
