भारतीय बेटियां बनीं साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियन
खिताबी मुकाबले में ग्वालियर की नंदिता ने दागे चार गोल
होनहार नंदिता शर्मा टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही, आठ गोल किए
खेलपथ संवाद
काठमांडू। भारतीय बेटियों ने मेजबान नेपाल पर 6-0 की शानदार गोलंदाजी कर पहली साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप जीत ली। इस खिताबी सफलता में ग्वालियर की कुमारी नंदिता शर्मा का अहम योगदान रहा। इस बेटी ने फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शानदार चार गोल दागे। नंदिता शर्मा टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही उसने कुल आठ गोल किए।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप का खिताब भारतीय टीम में नेपाल को 6-0 से हराकर जीत लिया। फाइनल मुकाबले में ग्वालियर की होनहार नंदिता शर्मा ने बेजोड़ प्रदर्शन करते हुए कुल चार गोल दागे तथा भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम को खिताब जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने भूटान को 7-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। सेमीफाइनल में भूटान के खिलाफ भी नंदिता शर्मा ने तीन गोल किए, उसने पूरे टूर्नामेंट में कुल आठ गोल किए। अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट हॉकी खिलाड़ी नंदिता शर्मा की उपलब्धि पर मध्य प्रदेश सॉफ्ट हॉकी संगठन के सचिव अविनाश भटनागर, मनोज परिहार, विवेक पिशाल, वीरेंद्र भदौरिया, रईस कुरैशी, निक्की कौशल, दिलशाद खान आदि ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
