गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को प्लेऑफ में जाने से रोका

साई सुदर्शन-कप्तान शुभमन गिल की बिंदास बल्लेबाजी, गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

खेलपथ संवाद

अहमदाबाद। सलामी बल्लेबाजों साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी के बाद मोहम्मद सिराज और राशिद खान की धारदार गेंदबाजी से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को 89 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष दो में अपनी जगह बरकरार रखी। इस जीत से टाइटंस के 14 मैच में 18 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भी 13 मैच में 18 अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण वह शीर्ष पर है। इस हार के साथ सुपरकिंग्स की नॉकआउट में जगह बनाने की रही सही उम्मीद भी खत्म हो गई। टीम 14 मैच में 12 अंक के साथ सातवें स्थान पर है। टाइटंस के 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपरकिंग्स की टीम सिराज (26 रन पर तीन विकेट), राशिद (18 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (32 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई।

सुपरकिंग्स की ओर से शिवम दुबे (47 रन, 17 गेंद, चार छक्के, चार चौके) शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा सिर्फ सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट (24) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। टाइटंस ने सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और गिल (64 रन, 37 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 229 रन बनाए। सुदर्शन ने जोस बटलर (नाबाद 57 रन, 27 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 82 रन की साझेदारी की।

सुपरकिंग्स की ओर से मुकेश चौधरी (36 रन पर एक विकेट), स्पेंसर जॉनसन (47 रन पर एक विकेट) और अंशुल कंबोज (56 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपरकिंग्स ने तीसरे ओवर में 29 रन तक ही अपने दोनों सबसे सफल बल्लेबाजों संजू सैमसन (00) और कप्तान रुतुराज गायवाड़ (16) के अलावा उर्विल पटेल (00) का विकेट भी गंवा दिया। सिराज ने मैच की पहली ही गेंद पर सैमसन को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया और फिर अपने अगले ओवर में गायकवाड़ को बोल्ड किया। उर्विल भी सिराज की गेंद को हवा में खेलकर डीप स्क्वायर लेग पर प्रसिद्ध कृष्णा को कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट भी 14 गेंद में 24 रन बनाने के बाद कागिसो रबाडा की गेंद पर मिड ऑन पर कृष्णा के हाथों लपके गए। सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में चार विकेट पर 58 रन बनाए।

कार्तिक शर्मा (19) भी गिल के सटीक निशाने पर रन आउट हो गए जिससे सुपरकिंग्स का स्कोर पांच विकेट पर 63 रन हो गया। गिल इसके बाद जेसन होल्डर की गेंद पर शिवम दुबे का मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे। दुबे ने इसका फायदा उठाकर अरशद खान पर छक्का और दो चौके मारे। दुबे ने होल्डर पर दो छक्के और एक चौके के साथ 10वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। दुबे ने रशिद खान पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहरा गए और गिल ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। कंबोज भी आठ गेंद में 19 रन बनाने के बाद राशिद की गेंद पर होल्डर को कैच दे बैठे जबकि डेवाल्ड ब्रेविस (08) भी इस स्पिनर का शिकार बने।

रिलेटेड पोस्ट्स