अमर उजाला निष्पक्ष पत्रकारिता और सच की आवाजः प्रो.-चांसलर मनोज अग्रवाल
केडी विश्वविद्यालय युवाओं को विश्वास तथा मरीज को पारिवारिक प्यार देने को प्रतिबद्ध
मथुरा। अपनी सटीक, निष्पक्ष और जमीनी पत्रकारिता के माध्यम से अमर उजाला ने समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह समाचार पत्र आमजन की आवाज बनकर सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहता है। 'अमर उजाला' राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ ही उन छोटे शहरों और ग्रामीण अंचल की समस्याएं भी सामने लाता है, जो अक्सर मुख्यधारा से छूट जाती हैं। यह बातें केडी विश्वविद्यालय के प्रो.चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने सम्मान के बाद कहीं।
प्रो.-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि अमर उजाला परिवार बधाई का पात्र है क्योंकि उसने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदेश और देश के विकास को अपने संवाद का विषय बनाया है। अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केडी विश्वविद्यालय के प्रो.-चांसलर मनोज अग्रवाल को चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए अमर उजाला यूपी अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया। अपने सम्मान के बाद श्री अग्रवाल ने कहा कि यह अकेले उनका नहीं बल्कि उन सभी लोगों का सम्मान है जो भावी पीढ़ी को आगे बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं।
प्रो.-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक सम्मान से जहां खुशी मिलती है वहीं और बेहतर करने की प्रेरणा एवं सीख भी मिलती है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने जो सम्मान प्रदान किया है, उससे उनमें कुछ और नया करने का विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि केडी विश्वविद्यालय अभी शैशव अवस्था में है, उच्च प्रौद्योगिकी, चिकित्सा अनुसंधान तथा रोगी देखभाल पद्धतियों में उच्च मानकों का पालन करना संस्थान के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जब हम युवाओं को विश्वास तथा मरीज व समाज के कल्याण को प्राथमिकता देते हैं, तो उससे समाज में सही संदेश जाता है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि केडी विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा मानकों पर शत-प्रतिशत खरा उतरने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्लायय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान के.डी. मेडिकल कॉलेज को प्रदेश के श्रेष्ठ मेडिकल क़ॉलेजों में स्थान मिला हुआ है। उच्च प्रौद्योगिकी, चिकित्सा अनुसंधान तथा रोगी देखभाल पद्धतियों में उच्च मानकों का पालन करने के लिए के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) द्वारा स्वास्थ्य सेवा उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र मिला है।
प्रो. चांसलर श्री अग्रवाल ने कहा कि के.डी. हॉस्पिटल को एनएबीएच की मान्यता प्राप्त होना ब्रज क्षेत्र के लिए न केवल बड़ी उपलब्धि है बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि यह चिकित्सालय भारतीय गुणवत्ता परिषद के राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड द्वारा निर्धारित उच्च गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा मानकों को पूरा करता है। के.डी. हॉस्पिटल को यह मान्यता चिकित्सालय द्वारा बेहतर रोगी देखभाल, प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने और रोगी के अधिकारों पर सतत ध्यान देने पर दी गई है। एनएबीएच मान्यता स्वास्थ्य सेवा उत्कृष्टता का एक महत्वपूर्ण मानक है, जो यह सुनिश्चित करता है कि स्वास्थ्य सेवा केंद्र रोगी सुरक्षा, नैदानिक देखभाल और परिचालन दक्षता के उच्चतम मानकों का पालन करता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि केडी विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उच्च मानक स्थापित करने को प्रतिबद्ध है।
