राजस्थान रॉयल्स को हराकर दिल्ली ने प्लेआफ की उम्मीदें रखीं कायम

स्टार्क का तूफान और आशुतोष शर्मा की फिनिशिंग पारी पड़ी भारी

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़। दिल्ली कैपिटल्स ने एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। मुकाबला आखिर तक रोमांच से भरा रहा, लेकिन आशुतोष शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने दिल्ली को यादगार जीत दिला दी। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 193 रन बनाए।

एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम 230 रन के आसपास पहुंच जाएगी। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 46 रन बनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके बल्ले से कई शानदार चौके और लम्बे छक्के निकले। कप्तान रियान पराग ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 26 गेंदों में 51 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक जमाकर पारी को मजबूती दी।

मगर, अंतिम ओवरों में मिचेल स्टार्क ने मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने लगातार गेंदों पर विकेट लेकर राजस्थान की तेज रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। स्टार्क ने चार विकेट झटककर राजस्थान को बड़े लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। आखिरी छह ओवरों में राजस्थान की टीम केवल 33 रन ही जोड़ सकी और छह विकेट गंवा बैठी।

194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत शानदार रही। अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 100 से अधिक रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पोरेल ने तेज अर्धशतक लगाया, जबकि राहुल ने संयम के साथ पारी संभाली। हालांकि बाद के ओवरों में राजस्थान ने वापसी की और दिल्ली पर दबाव बना दिया।

आखिरी तीन ओवरों में दिल्ली को 35 रन चाहिए थे। मुकाबला पूरी तरह रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। तभी आशुतोष शर्मा मैदान पर आए और उन्होंने केवल पांच गेंदों में नाबाद 18 रन बनाकर मैच पलट दिया। उन्होंने बड़े शॉट लगाकर राजस्थान के गेंदबाजों की उम्मीदें तोड़ दीं। आखिरी ओवर की शुरुआती गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर उन्होंने दिल्ली को जीत दिला दी।

इस जीत के साथ दिल्ली की टीम स्कोर बोर्ड में सातवें स्थान पर पहुंच गई और उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। वहीं राजस्थान की स्थिति मुश्किल हो गई है। मुकाबले में युवा खिलाड़ियों का जोश, अनुभवी खिलाड़ियों का दबदबा और रोमांच दर्शकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा।

रिलेटेड पोस्ट्स