मिचेल मार्श का तूफान, उड़े सीएसके जीत के अरमान
लखनऊ ने सात विकेट से हराया, प्लेऑफ के समीकरण बिगड़े
खेलपथ संवाद
लखनऊ। लखनऊ सुपरजायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में शुक्रवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को 7 विकेट से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी उम्मीदों को कमजोर किया। सुपरकिंग्स को 5 विकेट पर 187 रन पर रोकने के बाद सुपरजायंट्स ने 16.4 ओवर में तीन विकेट पर 188 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। सुपरजायंट्स के लिए मिचेश मार्श ने 90 रन बनाए।
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की बल्लेबाजों के लिए मुश्किल लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की रणनीति के सामने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लड़खड़ाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने युवा कार्तिक शर्मा की 71 रन की संयमित पारी के दम पर पांच विकेट पर 187 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। चेन्नई की शुरुआत खराब रही और टीम 7.2 ओवर में 52 रन पर तीन विकेट गंवाकर दबाव में आ गई थी। इसके बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस (25) ने चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर पारी को संभाला।
कार्तिक ने 42 गेंदों की पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। ब्रेविस ने 16 गेंदों की पारी में दो छक्के जड़े। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 16 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। कार्तिक को बाउंसर गेंदों पर असहजता हुई, लेकिन युवा बल्लेबाज ने इस कमजोरी पर काबू पाने का जज्बा दिखाया। उन्होंने स्पिनर शाहबाज अहमद के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाते हुए लगातार गेंदों पर एक छक्का और दो चौके लगाकर रन गति तेज की।
धीमी गेंदबाजी के खिलाफ खुलकर खेलने वाले कार्तिक शुरुआत में लखनऊ के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखे। तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 84 रहा, जबकि शाहबाज अहमद के खिलाफ यह 140 तक पहुंच गया। हालांकि, जल्द ही उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी लय हासिल कर ली और प्रिंस यादव पर लगातार दो छक्के जड़ दिए। दूसरे छोर पर ब्रेविस ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आकाश सिंह और शाहबाज अहमद पर एक-एक छक्का लगाकर दबाव कम किया। कार्तिक ने मोहम्मद शमी की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
