आरएनटीयू का ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी रोइंग चैम्पियनशिप में जलवा
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 19 पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर जमाई धाक
खेलपथ संवाद
भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल के रोइंग खिलाड़ियों ने चंडीगढ़ में 4 से 10 मई 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी रोइंग चैम्पियनशिप (पुरुष एवं महिला) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय देते हुए कुल 19 पदक जीते।
आरएनटीयू के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण पदक, 7 रजत पदक एवं 6 कांस्य पदक जीतकर कुल 19 पदकों के साथ उल्लेखनीय सफलता हासिल की। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की खेल उत्कृष्टता एवं खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत का सशक्त प्रमाण है। प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की पुरुष टीम ने रनर-अप का स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला टीम ने द्वितीय रनर-अप बनकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स और आईक्यूएसी के निदेशक डॉ. नितिन वत्स ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा कि आरएनटीयू सदैव शिक्षा के साथ खेल उत्कृष्टता को समान महत्व देता है। हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर जो सफलता अर्जित की है, वह पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
कुलगुरु प्रो. आर.पी. दुबे, उप कुलपति डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी और रायसेन जिले के जिला खेल अधिकारी जलज चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ खेल, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आरएनटीयू के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से विश्वविद्यालय की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत किया है।
