राजीव इंटरनेशनल स्कूल के ब्राइट स्टार लक्ष शर्मा को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के बाद इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज
खेलपथ संवाद
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल के ब्राइट स्टार लक्ष शर्मा ने एक और मील का पत्थर स्थापित कर समूचे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। होनहार लक्ष की असाधारण उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिलने के बाद अब उसका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो गया है। इतनी कम उम्र में यह रिकॉर्ड बनाने वाला लक्ष मथुरा का पहला स्केटर है। लक्ष की इस शानदार सफलता से उसके माता-पिता तथा स्कूल प्रबंधन खुश है। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने लक्ष की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे ब्रज क्षेत्र के लिए असाधारण उपलब्धि बताया।
अब तक दर्जनों गोल्ड मेडल, ट्रॉफियां जीतने वाले लगभग सात साल के लक्ष शर्मा ने 15 फरवरी, 2026 को ऐसा कारनामा अंजाम दिया था जोकि इससे पहले मथुरा के किसी बच्चे ने नहीं किया था। लक्ष शर्मा ने वृन्दावन की व्यस्ततम सड़क पर 39 मिनट, 34 सेकेंड तथा 55 मिली सेकेंड में 13.03 किलोमीटर की दूरी तय कर हर किसी की वाहवाही लूटी थी। लक्ष की इस असाधारण उपलब्धि को पहले जहां इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिली वहीं अब इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी उसका नाम दर्ज हो गया है। होनहार लक्ष शर्मा को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
कोच शैलेन्द्र कुमार का कहना है कि वैसे तो मथुरा के कई स्केटरों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं लेकिन जो बात लक्ष में है, वह औरों में नहीं है। कोच का कहना है कि लक्ष काफी मेहनती है। उसे जो करने के लिए कहा जाता है, उसे मेहनत और लगन से पूरा करता है। लक्ष बेहद प्रतिभाशाली तथा चपल है। उसकी इसी चपलता ने उसे देशभर में शोहरत दिलाई है। लक्ष स्केटिंग के साथ-साथ पढ़ाई में भी बेहतर है। यही कारण है कि स्केटिंग इतनी ज्यादा पसंद होने के बावजूद वह इसे केवल दो घंटे ही समय देता है। लक्ष कहता है कि उसे स्केटिंग करना बहुत पसंद है। लक्ष के माता-पिता अपने बेटे की इस उपलब्धि से न केवल खुश हैं बल्कि उन्हें नाज है कि वह कम उम्र में ही राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मथुरा को गौरवान्वित कर रहा है।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने लक्ष की असाधारण सफलता की प्रशंसा करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री अग्रवाल ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल का यह नन्हा सितारा जिस तरह कामयाबी हासिल कर रहा है, उसे देखते हुए उन्हें उम्मीद है कि स्केटिंग के खेल में वह एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जरूर जीतेगा। श्री अग्रवाल ने लक्ष को मिठाई खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया तथा उसके माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में उसके माता-पिता तथा कोच का अहम योगदान होता।
चित्र कैप्शनः ब्राइट स्टार लक्ष शर्मा को प्रोत्साहित करते चेयरमैन मनोज अग्रवाल।
