राशिद खान की फिरकी से टाइटन्स ने किया राजस्थान रॉयल्स को ढेर

प्लेऑफ की राह हुई आसान, शुभमन गिल-सुदर्शन की धमाकेदार बल्लेबाजी

खेलपथ संवाद

जयपुर। कप्तान शुभमन गिल की 84 रन की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (33 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 के अहम मुकाबले में शनिवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। टाइटंस ने मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर चार विकेट पर 229 रन बनाने के बाद रॉयल्स की पारी को 16.3 ओवर में 152 रन पर समेटकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

इस बड़ी जीत से टाइटंस की टीम अपना नेट रन रेट सुधारने में सफल रही। टीम की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है और वह 14 अंक के साथ तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। रॉयल्स इतने ही मैचों में पांचवीं हार के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है। राशिद को गेंदबाजी में जेसन होल्डर (12 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (33 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 55 रन लुटाए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट चटकाया। रॉयल्स के लिए रविंद्र जडेजा ने 25 गेंदों में 38, वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 36 और ध्रुव जुरेल ने 10 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर गिल ने बाएं पैर में परेशानी के बावजूद 44 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से तेजतर्रार 84 रन बनाए। सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की सहायता से 55 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। पारी के अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया ने चार गेंदों में नाबाद 14 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेवतिया ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े, जिससे टीम ने 21 रन बटोरे और मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। राजस्थान रॉयल्स की ओर से दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा यश राज पुंजा और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने शुरुआती दो ओवरों में सिराज और रबाडा के खिलाफ छक्के जड़कर रॉयल्स को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिराज के खिलाफ तीसरे ओवर में भी तीन चौके जड़े, लेकिन इस अनुभवी गेंदबाज की बाउंसर पर हवा में शॉट खेल बैठे और अरशद खान ने आसान कैच पूरा किया। नियमित कप्तान रियान पराग के चोटिल होने से इस मुकाबले में टीम की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल (तीन) अगले ओवर में ही रबाडा की गेंद पर निशांत सिंधू को कैच दे बैठे। इन विकेटों का हालांकि जुरेल पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने सिराज के खिलाफ तीन छक्के और एक चौका जड़कर पांचवें ओवर से 22 रन बटोरे। रबाडा ने हालांकि दूसरे छोर से शिमरोन हेटमायर (छह) को सस्ते में चलता कर रॉयल्स को तीसरा झटका दिया। जडेजा ने क्रीज पर आते ही छक्का और चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में राजस्थान ने तीन विकेट पर 78 रन बना लिए। राशिद ने अपने पहले ओवर में ही जुरेल और डोनोवा फरेरा (दो गेंदों में चार रन) को बोल्ड कर मैच पर टाइटंस का दबदबा कायम कर दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स