संजू सैमसन की दमदार बल्लेबाजी से हारी दिल्ली
चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। धीमी और गेंदबाजों की मददगार पिच पर संजू सैमसन की 52 गेंदों में 87 रन की नाबाद पारी के बूते चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को 15 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराया। दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट पर 155 रन पर रोकने के बाद सुपरकिंग्स ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 159 रन बनाकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा।
चेन्नई सुपरकिंग्स की यह 10 मैचों में पांचवीं जीत है और टीम तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स इतने ही मैचों में छठी हार के बाद आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। जिस पिच पर अन्य बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, सैमसन ने वहां धाराप्रवाह बल्लेबाजी करते हुए सात चौके और छह छक्के लगाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए युवा कार्तिक शर्मा (नाबाद 41) के साथ 66 गेंदों में 114 रन की अटूट साझेदारी की।
पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले कार्तिक ने 31 गेंदों की नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगा कर समझदारी से बल्लेबाजी की। दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तान अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने एक-एक सफलता हासिल की। इससे पहले ट्रिस्टन स्टब्स (38) और समीर रिजवी (नाबाद 40) के बीच छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए।
