चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को दी 8 विकेट से मात

कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा ने ठोके नाबाद पचासे

खेलपथ संवाद

चेन्नई। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस को छोटे स्कोर पर रोकने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (नाबाद 67) और कार्तिक शर्मा (नाबाद 54) के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 गेंद में 98 रन की अटूट साझेदारी की मदद से शनिवार को आईपीएल के एक अहम मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की।

अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद (26 रन देकर दो विकेट) और अंशुल कंबोज (32 रन देकर तीन विकेट) की अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत सीएसके ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर महज 159 रन पर रोक दिया। फिर गायकवाड़ की 48 गेंद में पांच चौके और दो छक्के जड़ित नाबाद पारी और कार्तिक (40 गेंद में चार चौके और तीन छक्के) के पहले आईपीएल अर्धशतक से 18.1 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाकर आसान जीत हासिल की जो इस सत्र में उसकी चौथी जीत है।

लगातार निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद पांच पांच आईपीएल खिताब जीत चुकी दोनों ही टीमों का टूर्नामेंट में आगे का सफर इस मैच के नतीजे पर निर्भर था। सीएसके इस जीत से आठ अंक लेकर छठे स्थान पर पहुंच गई, जिससे उसकी प्लेऑफ में कदम बढ़ाने की संभावना बरकरार है जबकि मुंबई इंडियंस चार अंक से नौवें स्थान पर है। लक्ष्य इतना बड़ा नहीं था, गायकवाड़ और कार्तिक जल्दी मैच खत्म कर सकते थे।

हालांकि, दोनों ने संयमित बल्लेबाजी करने को तरजीह दी। इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (20 रन देकर एक विकेट) ने दूसरे ओवर में एक बेहतरीन गेंद से शुरुआत की। उनकी अच्छी लेंथ गेंद संजू सैमसन (11 रन) के बल्ले का बाहरी किनारा छूती हुई निकली, लेकिन स्लिप में खड़े विल जैक्स ने एक आसान सा कैच टपका दिया। पर सैमसन इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके।

ओवर के आखिर में रेयान रिकेलटन को कैच दे बैठे। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में 7 रन दिए, लेकिन सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने उनके दूसरे ओवर में दो चौके और एक छक्के से 17 रन जुटाए। कृष भगत के पहले आवेर में उर्विल पटेल (24 रन, 12 गेंद) ने डीप फाइन लेग पर छक्का जड़कर शुरूआत की और अगली गेंद को लांग ऑन पर चौके के लिए भेजा। उर्विल ने ओवर का अंत हेलीकॉप्टर शॉट से छक्का जड़कर किया जिससे इस ओवर में 18 रन जुड़े। पावरप्ले के अंतिम ओवर में गायकवाड़ ने स्वीप शॉट से डीप स्क्वायर लेग में छक्का जड़ा, लेकिन ए एम गजनफर ने इसी ओवर में उर्विल को बोल्ड कर उनकी पारी समाप्त की।

 

रिलेटेड पोस्ट्स