मुम्बई इंडियंस की उम्मीदों पर सनराजर्स हैदराबाद ने फेरा पानी

ट्रेविड हेड और हेनरिक क्लासेन ने खेली तूफानी पारी, लगाया जीत का 'पंजा'

खेलपथ संवाद

मुम्बई। ट्रेविड हेड और हेनरिक क्लासेन के तूफानी अर्धशतक से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन के शतक पर पानी फेरते हुए मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत से सनराइजर्स की टीम नौ मैच में 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। मुंबई की टीम आठ मैच में चार अंक के साथ नौवें स्थान पर है।

मुंबई के 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स ने हेड (76 रन, 30 गेंद, आठ छक्के, चार चौके) और अभिषेक शर्मा (45 रन, 24 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) के बीच पहले विकेट की 8.4 ओवर में 129 रन की साझेदारी के बाद हेनरिक क्लासेन (नाबाद 65 रन, 30 गेंद, चार छक्के, सात चौके) के अर्धशतक से 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर जीत दर्ज की।

क्लासेन ने नितीश कुमार रेड्डी (21) के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी भी की। सलील अरोड़ा ने अंत में 10 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 30 रन बनाए। रिकेल्टन ने इससे पहले अपने करियर और मुंबई के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 55 गेंद में आठ छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 123 रन बनाए, जिससे मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 243 रन का स्कोर खड़ा किया।

रिकेल्टन ने विल जैक्स (46) के साथ पहले विकेट के लिए 93, नमन धीर (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 और कप्तान हार्दिक पंड्या (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी भी की। सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 54 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि इशान मलिंगा ने 29, नितीश कुमार रेड्डी ने 31 और साकिब हसन ने 39 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स