विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने मुम्बई इंडियंस को सिखाया सबक
‘येलो आर्मी’ का दबदबा, मुम्बई इंडियंस को दी 103 रनों की करारी शिकस्त
खेलपथ संवाद
मुम्बई। चेन्नई सुपर किंग्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (नाबाद 101) के सत्र के दूसरे शतक और बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (17 रन देकर चार विकेट, एक मेडन) की शानदार गेंदबाजी की मदद से यहां इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मुंबई इंडियंस को 103 रन से शिकस्त दी। सीएसके ने छह विकेट पर 207 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।
खराब शॉट चयन और एकाग्रता की कमी के कारण सैमसन के साथी खिलाड़ी दूसरे छोर पर आउट होते रहे, लेकिन इस भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने संयम से खेलते हुए वानखेड़े स्टेडियम में एक और यादगार पारी खेली। सीएसके की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन टीम बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। सैमसन के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सका।
मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (31 रन देकर एक विकेट) ने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन सैमसन ने एक चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने हार्दिक पांड्या (38 रन देकर कोई विकेट पर) की गेंद को अपने पैड्स से फ्लिक करते हुए एक छक्का भी लगाया। सीएसके की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (22) और सैमसन ने पावरप्ले के दौरान हार्दिक के पहले दो ओवरों में 19-19 रन बटोरे। दो विकेट गिरने के बावजूद मेहमान टीम 73 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी।
