दिल्ली कैपिटल्स पर भारी पड़ा अभिषेक शर्मा का नाबाद सैकड़ा
कैपिटल्स के लिए नीतिश राणा ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए
खेलपथ संवाद
हैदराबाद। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (नाबाद 135) की आक्रामक शतकीय पारी के बाद तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा (32 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में मंगलवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई।
'प्लेयर ऑफ द मैच ' अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 68 गेंदों की नाबाद पारी में 10 छक्के और इतने ही चौके लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत सनराइजर्स ने दो विकेट पर 242 रन बनाने के बाद कैपिटल्स को नौ विकेट पर 195 रन पर रोक दिया। इस जीत से टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
टीम के नाम सात मैचों में अब चार जीत है। कैपिटल्स की टीम छह मैचों में तीसरी हार के बाद पांचवें स्थान पर है। कैपिटल्स के लिए नीतिश राणा ने 30 गेंदों में सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। उन्होंने लोकेश राहुल (23 गेंद में 37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम ने लय गंवा दी। टीम का स्कोर एक विकेट पर 107 रन से चार विकेट पर 107 रन हो गया। मलिंगा ने आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्हें दिलशान मधुशंका (36 रन पर एक विकेट) और शाकिब हुसैन (29 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला, जबकि हर्ष दुबे ने आखिरी ओवर में तीन विकेट चटकाए।
अभिषेक ने आईपीएल में अपनी दूसरी शतकीय पारी के दौरान शुरुआती तीन विकेटों के लिए बड़ी साझेदारियां कीं। उन्होंने ट्रेविस हेड (26 गेंद में 37) के साथ पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन और कप्तान इशान किशन (13 गेंद में 25 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने हेनरिख क्लासेन (13 गेंद में नाबाद 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर को सुनिश्चित किया। अभिषेक की तूफानी पारी के सामने नीतिश राणा की ऑफ स्पिन और लुंगी एनगिडी (चार ओवर में 41 रन) की धीमी गेंदें भी बेअसर रहीं। दिल्ली के लिए एकमात्र सफलता अक्षर पटेल को मिली, जिन्होंने हेड को आउट कर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी नहीं होने दी। किशन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।
अभिषेक के बल्ले से निकला शॉट गेंदबाज नीतिश राणा के हाथों से लगकर विकेटों से टकरा गया और किशन क्रीज से बाहर थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पथुम निसंका (आठ) ने पहले ओवर में मधुशंका के खिलाफ छक्का लगाया। श्रीलंका के इस गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर में हमवतन बल्लेबाज को चलता कर पहला झटका दिया। इस बीच राहुल ने नीतिश कुमार रेड्डी के दूसरे ओवर में छक्के और चौके के साथ आक्रामक शुरुआत की, जबकि क्रीज पर आए राणा ने भी इस गेंदबाज के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर आक्रामक तेवर दिखाए।
छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए शाकिब ने सिर्फ पांच रन दिए, जिससे पावरप्ले में कैपिटल्स का स्कोर एक विकेट पर 59 रन रहा। राणा ने वामहस्त स्पिनर शिवांग कुमार के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़कर तेवर दिखाए तो वहीं राहुल ने रेड्डी की गेंद को दर्शकों के पास भेजकर रनगति बनाए रखी।
