मुंबई इंडियंस पर पंजाब किंग्स का धमाका, सात विकेट से रौंदा
क्विंटन डिकॉक के शतक पर भारी पड़ी प्रभसिमरन की पारी
हार के बाद बोले पंड्या- बैठकर देखना होगा कि कहां खामियां हैं
खेलपथ संवाद
मुम्बई। प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतक से सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के तेजतर्रार शतक पर पानी फेरते हुए पंजाब किंग्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में यहां मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंच गई। मुम्बई इंडियंस की यह लगातार चौथी हार है।
पंजाब किंग्स की टीम मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की 39 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी की। कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन, 35 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी बदौलत 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही। इस जीत से टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम पंजाब किंग्स पांच मैच में नौ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। मुंबई की टीम इतने ही मैच में दो अंक के साथ नौवें स्थान पर है।
इससे पहले मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने छह विकेट पर 195 रन बनाए। ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश आर्य (15) ने दीपक चाहर के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन स्पिनर अल्लाह गजनफर (31 रन पर दो विकेट) की गेंद पर चाहर को कैच थमा दिया।
सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 11 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब कप्तान हार्दिक पंड्या की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर जसप्रीत बुमराह ने उनका कैच टपका दिया। कूपर कोनोली ने इसी ओवर में चौका और छक्का मारा। कोनोली (17) ने गजनफर पर भी छक्का जड़ा लेकिन एक गेंद बाद विकेटकीपर डिकॉक को कैच दे बैठे। पंजाब ने पावर प्ले में दो विकेट पर 61 रन बनाए।
हार के बाद बोले पंड्या- बैठकर देखना होगा कि कहां खामियां हैं
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स के खिलाफ 7 विकेट की हार के बाद विरोधी टीम को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि उनके पास खराब प्रदर्शन पर कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है। उन्हें बैठकर देखना होगा कि खामियां कहां हैं। पंड्या ने मैच के बाद कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है। हमें बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं- चाहे वह व्यक्तिगतखिलाड़ी हों, टीम हो, या हमारी योजना और काम करने का तरीका हो - और फिर इसे ठीक करना होगा। पंड्या ने पंजाब किंग्स को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि पंजाब किंग्स को इसका श्रेय जाता है।
गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी। दूसरी पारी में ओस भी गिरी। उन्होंने हमें हरा दिया। उनकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हमारे से बेहतर था। अब हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है या फिर हमें इसी तरह आगे बढ़ते हुए हालात को पलटने की कोशिश करनी चाहिए। हमें अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी।
पंजाब किंग्स की टीम मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की 39 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन, 35 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ उनकी तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की बदौलत 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही।
इससे पहले मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई इंडियंस ने छह विकेट पर 195 रन बनाए। ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
