डियर वैभव, बहुत बढ़िया

वैभवशाली तूफान देख विराट कोहली भी दंग

खेलपथ संवाद

गुवाहाटी। वैभव सूर्यवंशी- ये नाम अब किसी के लिए भी अनजान नहीं है। 15 साल के इस बल्लेबाज ने पिछले कुछ समय में क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा रखा है। अब विराट कोहली ने भी सूर्यवंशी का लोहा मान लिया है। सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से तूफानी पारी खेलकर कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हार की कहानी लिखी। आरसीबी की छ‍ह विकेट से हार के बाद कोहली ने सूर्यवंशी से मुलाकात की और उन्हें एक खास तोहफा दिया।

राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के ओपनिंग बैटर सूर्यवंशी अब ओरेंज कैप होल्डर बन गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु  के खिलाफ 78 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान वह बिल्कुल भी नहीं घबराए। राजस्थान की टीम 202 रनों का पीछा करने उतरी तो उन्होंने बिल्कुल वैसे ही बल्लेबाजी की, जैसे वे किसी भी आम दिन करते हैं।

भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के खिलाफ भी सूर्यवंशी ने अपने रवैये में कोई बदलाव नहीं किया। उन्होंने पावरप्ले के दौरान ही इन दोनों पर हमला बोल दिया और ये दोनों अनुभवी गेंदबाज बेबस नजर आए। कोहली ने भी सूर्यवंशी के तूफान को देखा और इसके बाद उन्होंने युवा बल्लेबाज का हौसला बढ़ाया। मैच खत्म होने के बाद सूर्यवंशी को कोहली से ऑटोग्राफ़ लेने का मौका मिल गया। कोहली ने सूर्यवंशी की राजस्थान रॉयल्स की कैप पर ऑटोग्राफ दिया और आरसीबी के खिलाफ उसकी शानदार पारी के बाद उस युवा खिलाड़ी के लिए एक छोटा सा संदेश भी लिखा। उन्होंने लिखा कि डियर वैभव, बहुत बढ़िया।

कोहली का ऑटोग्राफ और मैसेज सूर्यवंशी के लिए किसी बेशकीमती तोहफे से कम नहीं था। एक समय 202 रनों का लक्ष्य राजस्थान रॉयल्स के लिए मुश्किल लग रहा था, मगर सूर्यवंशी की बैटिंग ने आरसीबी  की लय पूरी तरह बिगाड़ दी और रियान पराग की कप्तानी वाली टीम ने 12 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

रिलेटेड पोस्ट्स