आईपीएल में आरसीबी के नाम इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर
अपना तीसरा सर्वोच्च टोटल बनाया, सीएसके के खिलाफ लगाए सर्वाधिक छक्के
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु। आईपीएल 2026 का 11वां मुकाबला इस सीजन के यादगार मुकाबलों में शुमार हो गया, इसका श्रेय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जाता है। टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 250 रन बनाकर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ न सिर्फ अपनी बादशाहत साबित की, बल्कि यह भी दिखा दिया कि गत विजेता टीम से ट्रॉफी छीनना अन्य टीमों के लिए आसान नहीं होने वाला है।
रविवार को बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी हुई। कोहली 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। सॉल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 46 रन बनाए।
इसके बाद मोर्चा देवदत्त पडिक्कल ने संभाला। उन्होंने लगातार दूसरे मुकाबले में अर्धशतक लगाया। पडिक्कल ने महज 29 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। पडिक्कल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 21 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी निभाई।
इसके बाद टिम डेविड और रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 99 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों का सामना करते हुए 48 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में रजत ने एक चौका और छह छक्के लगाए। वहीं, डेविड ने सिर्फ 25 गेंदें खेलते हुए तीन चौके और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए। टिम डेविड और रजत की धमाकेदार पारियों के दम पर आरसीबी इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट चटकाया।
इस मैच में आरसीबी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। यह आरसीबी का आईपीएल में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम ने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ पांच विकेट पर 263 रन बनाए थे। उसके बाद टीम ने हैदराबाद के खिलाफ सात विकेट पर 262 रन बनाए। वहीं, चेन्नई के खिलाफ यह आरसीबी का पांचवां 200+ का स्कोर है।
इस मुकाबले में आरसीबी के बल्लेबाजों ने छक्कों की बारिश की। फिल सॉल्ट ने दो, विराट कोहली ने एक, देवदत्त पडिक्कल ने दो, रजत पाटीदार ने छह और टिम डेविड ने आठ छक्के लगाए। कुल मिलाकर इस पारी में कुल 19 छक्के लगे, जो सीएसके के खिलाफ किसी भी टीम द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। वहीं, आरसीबी ने छक्कों को मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया। दोनों के नाम क्रमश: 2018 और 2020 में 17-17 छक्के दर्ज हैं। अब टीम के नाम सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
आरसीबी ने इस मुकाबले में सीएसके के खिलाफ पारी के आखिरी पांच ओवरों में 97 रन बनाए। यह आईपीएल मैच के अंतिम पांच ओवरों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। आरसीबी ने 15 ओवरों में तीन विकेट खोकर 153 रन बना लिए थे। इसके बाद पाटीदार (नाबाद 48) ने टिम डेविड (नाबाद 70) के साथ अंतिम पांच ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 97 रन जुटाए।
97 रन किसी भी आईपीएल पारी के 16-20 ओवरों में किसी टीम की ओर से बनाया गया संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ इतने ही रन बनाए थे। इस मामले में आरसीबी ही शीर्ष पर है, जिसने साल 2016 में इसी मैदान पर गुजरात लायंस के खिलाफ 16-20 ओवरों के बीच दो विकेट खोकर 112 रन बनाए थे।
