आईपीएल में राजस्थान ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हराया
तुषार देशपांडे के आखिरी ओवर में दस रन नहीं बना सके बल्लेबाज
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। तुषार देशपांडे के सटीक आखिरी ओवर की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में शनिवार को गुजरात टाइटंस को छह रन से हरा दिया। रॉयल्स की यह लगातार दूसरी जीत और गुजरात की लगातार दूसरी हार है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल्स ने ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल के अर्धशतकों के दम पर छह विकेट पर 210 रन बनाए थे, लेकिन साइ सुदर्शन की 73 रन की पारी के बावजूद गुजरात की टीम आठ विकेट पर 204 रन ही बना सकी।
एक समय सात विकेट 161 रन पर गिर गए थे लेकिन कैगिसो रबाडा (नाबाद 23) और कार्यवाहक कप्तान राशिद खान (24) टीम को जीत के करीब ले गए और आखिरी ओवर में दस रन की ही जरूरत थी। ऐसे में रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने नांद्रे बर्गर की बजाय देशपांडे को गेंद सौंपकर सभी को चौंका दिया। गेंदबाज ने हालांकि अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरते हुए पहली वाइड गेंद के अलावा सभी सटीक गेंदें डाली।
इस ओवर में चार रन ही बन सके और छक्का लगाने के प्रयास में राशिद सीमारेखा के पास जोफ्रा आर्चर को कैच दे बैठे। इससे पहले आर्चर ने 19वें ओवर में सिर्फ चार रन ही दिए थे। मांसपेशी में ऐंठन के कारण इस मैच से बाहर शुभमन गिल की जगह खेलने वाले कुमार कुशाग्र ने 14 गेंद में 18 रन बनाए। उन्होंने सुदर्शन (44 गेंद में 73 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 78 रन जोड़े। सुदर्शन ने अपनी पारी में तीन छक्के और नौ चौके लगाए। गुजरात का स्कोर सुदर्शन के आउट होने से पहले एक विकेट पर 107 रन था।
