विश्व कप विजेता टीम इंडिया को मिलेंगे 131 करोड़ रुपये
यह पैसे आईसीसी की तरफ से मिलने वाली प्राइज मनी से अलग
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम इंडिया पर पैसों की बारिश कर दी है। उसने इस सफलता के बाद नकद इनामी राशि का ऐलान किया। बीसीसीआई ने 10 मार्च को बताया कि विश्व विजेता टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह पैसे आईसीसी की तरफ से मिलने वाली प्राइज मनी से अलग हैं। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर 8 मार्च को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता था। वह अभी तक तीन बार यह खिताब जीत चुकी है जो सर्वाधिक है।
बीसीसीआई की ओर से दिए जाने वाली इनामी राशि खिलाड़ियों के साथ ही सपोर्ट स्टाफ में बांटी जाएगी। 2025 में जब भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी तब बीसीसीआई ने 58 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था। 2024 में जब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था तब 125 करोड़ रुपये देने की घोषणा हुई थी। इस लिहाज से अबकी बार नकद इनाम में छह करोड़ रुपये बढ़ाए गए हैं। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने जब 2025 में वर्ल्ड कप जीता था तब भी नकद इनाम देने का ऐलान हुआ था। तब 51 करोड़ रुपये की घोषणा हुई थी।
