जहां टूटा था दिल वहीं जीता टी20 खिताब
जसप्रीत बुमराह के लिए खास बना मैदान
जब खुद पर शक होने लगा था तब कप्तान और कोच को मुझ पर भरोसा था : अभिषेक
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। भारत के टी20 विश्व कप जीतने के साथ ही जसप्रीत बुमराह ने राहत की सांस ली जो इसी मैदान पर तीन साल पहले फाइनल हारने का दुख झेल चुके थे। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप जीता। इसी मैदान पर 2023 में भारतीय टीम वनडे विश्व कप फाइनल में आस्ट्रेलिया से हारी थी।
बुमराह ने न्यूजीलैंड पर मिली जीत के बाद कहा कि बहुत खास लग रहा है क्योंकि मैंने अपने घरेलू मैदान पर एक फाइनल खेला था जो जीत नहीं सका था, लेकिन आज जीत मिली। बुमराह ने फाइनल में चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिए और वह 'प्लेयर आफ द मैच' रहे। उन्होंने कहा कि विश्व कप फाइनल में अपने घरेलू मैदान पर प्लेयर आफ द मैच रहने से बढकर क्या हो सकता है।
जब खुद पर शक होने लगा था तब कप्तान और कोच को मुझ पर भरोसा था: अभिषेक
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को भारतीय टीम प्रबंधन का धन्यवाद किया जिन्होंने टी20 विश्व कप के दौरान उनके खराब प्रदर्शन के बावजूद उन पर पूरा भरोसा बनाए रखा जबकि एक समय उन्हें खुद अपनी क्षमता पर संदेह होने लगा था।
फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए और संजू सैमसन के साथ मिलकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जिससे टीम ने पांच विकेट पर 255 रन का बड़ा स्कोर बनाया और 96 रन से जीत दर्ज करते हुए आईसीसी टी20 विश्व कप खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बन गई।
मैच के बाद अभिषेक ने कहा, ''एक बात बिल्कुल साफ थी, जिसे मैं पहले भी साझा करना चाहता था, लेकिन आज सबसे सही दिन है। कप्तान और कोच को मुझ पर भरोसा था। यहां तक कि मुझे खुद पर शक होने लगा था। मैंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था, यह मेरे लिए मुश्कल टूर्नामेंट था।''
उन्होंने कहा, ''मैं बस अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दे रहा था और हर मैच को एक-एक करके लेने की कोशिश कर रहा था, लेकिन यह आसान नहीं था। मुझे इस टीम से प्यार है क्योंकि उन्होंने जिस तरह से मेरा साथ दिया, वह खास है। पूरे साल मैं टीम के लिए अच्छा कर रहा था, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था।''
अभिषेक ने कहा, ''टीम और प्रबंधन ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह बहुत मायने रखता है। टूर्नामेंट के बीच में मैं भावुक हो गया था, कोच और कप्तान से बात करना चाहता था। उन्होंने कहा कि तुम हमारे लिए बड़े मैच जिताओगे। वहीं मुश्किल समय में भी दर्शकों ने हमारा बहुत समर्थन किया।''
