भारत ने तीसरी बार जीता टी20 विश्व कप का ताज
खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। भारत इस तरह अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने और तीसरी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने वाला देश बन गया है। विश्व कप के इस पड़ाव में टीम इंडिया सिर्फ एक मुकाबला हारी। सुपर आठ में उसे दक्षिण अफ्रीका ने करारी शिकस्त दी थी। उसके बाद संजू सैमसन की करिश्माई बल्लेबाजी से सबकुछ बदल गया।
खिताबी मुकाबले में भारत ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्धशतकों से पांच विकेट पर 255 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेटकर खिताब जीत लिया। जसप्रीत बुमराह ने चार और अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके जबकि हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।
भारत ने संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्धशतकों से रविवार को यहां टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 255 रन बनाए। सैमसन ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की और दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 105 रन की भागीदारी निभाई। सैमसन ने 46 गेंदों की पारी में पांच चौके और आठ छक्के जड़े। अभिषेक ने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा जो टी20 विश्व कप नॉकआउट मैच का और इस चरण का सबसे तेज अर्धशतक भी है। उन्होंने 21 गेंदों की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन रचिन रविंद्र की गेंद में विकेटकीपर को कैच देकर आउट हो गए।
इस तरह भारत ने अपना पहला विकेट 98 रन पर गंवाया। किशन ने 25 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्के जमाए। अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के से नाबाद 26 रन का योगदान दिया। 2023 को इसी मैदान पर वनडे विश्व कप फाइनल हारने के बाद मैदान से बाहर जाते हुए मायूस रोहित शर्मा की ही नहीं बल्कि पूरे देश की आंखें नम थी लेकिन मोटेरा पर मिले उन जख्मों पर सूर्यकुमार यादव की इस टीम की खिताबी जीत ने आज मरहम लगा दिया।
