नीदरलैंड्स पर भारत की धमाकेदार जीत, 17 रन से हराया
शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती का चमकदार प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। शिवम दुबे के तूफानी अर्धशतक के बाद वरुण चक्रवर्ती के फिरकी के जादू से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में बुधवार को यहां नीदरलैंड को 17 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत चार मैच में आठ अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा। नीदरलैंड ने अपने अभियान का अंत चार मैच में एक जीत से दो अंक के साथ किया।
भारत के 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और शिवम दुबे (35 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदों के सामने सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। नीदरलैंड की ओर से बास डि लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। नोह क्रोस (12 गेंद में नाबाद 25 रन) तथा जैक लियोन कैशे (16 गेंद में 26 रन) ने सातवें विकेट के लिए 23 गेंद में 47 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। दुबे ने इससे पहले अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 31 गेंद में छह छक्कों और चार चौकों से 66 रन की पारी खेलने के अलावा हार्दिक पंड्या (21 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी की।
इससे भारत ने छह विकेट पर 193 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (34) और तिलक वर्मा (31) ने भी उपयोगी पारियां खेली। दुबे और पंड्या 14वें ओवर में उस समय साथ आए जब भारत 110 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में था। इन दोनों की पारियों से भारत अंतिम पांच ओवर में 75 रन जोड़ने में सफल रहा। नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज लोगान वान बीक सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए। ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भारतीय टीम अपना अगला मैच इसी मैदान पर सुपर आठ चरण में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नीदरलैंड ने धीमी शुरुआत करते हुए पावर प्ले में एक विकेट पर 36 रन बनाए। टीम ने मैक्स ओडाउड (20) का विकेट गंवाया, जिन्हें वरुण चक्रवर्ती ने छठे ओवर में बोल्ड किया।
सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट (24) ने पंड्या का स्वागत एक्सट्रा कवर पर चौके के साथ किया, लेकिन इसी ओवर में डीप मिडविकेट बाउंड्री पर वाशिंगटन सुंदर को कैच दे बैठे। कोलिन एकरमैन (23) ने भी पंड्या पर छक्का मारा जबकि बास डि लीडे ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका जड़ा। एकरमैन ने अभिषेक शर्मा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। चक्रवर्ती की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में डीप मिड विकेट पर रिंकू के हाथों लपके गए। चक्रवर्ती ने अगली गेंद पर आर्यन (00) को भी बोल्ड किया। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने दुबे पर चौके के साथ 14वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया। डि लीडे ने भी दुबे पर छक्का जड़ा।
इस तेज गेंदबाज की गेंद पर स्लिप में चक्रवर्ती को कैच दे बेठे। उन्होंने 23 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा। नीदरलैंड को अंतिम पांच ओवर में 76 रन की दरकार थी। बुमराह ने एडवर्ड्स (15) को बोल्ड करके नीदरलैंड को छठा झटका दिया। नोह क्रोस ने वाशिंगटन पर लगातार दो चौकों के बाद अर्शदीप पर भी चौका जड़ा। नीदरलैंड को अंतिम दो ओवर में 46 रन की जरूरत थी और क्रोस तथा लियोन कैशे की पारियों के बावजूद टीम लक्ष्य से दूर रही। सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
