जापानी प्रतियोगियों को कोबे जैसी लग रही नई दिल्ली

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिपः केन्याई और जापानी कोच को कुत्ते ने काटा

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में सफलतापूर्वक आयोजित हो रही है। जापान से चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने आए प्रतिभागियों को दिल्ली कोबे की तरह लग रही है। 2024 में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन जापान के कोबे में हुआ था।

इन खेलों में जापान का 61 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 31 एथलीट हैं। तियोगिता का आनंद ले रहे जापानी एथलीटों को दिल्ली कोबे की तरह ही लग रही है। यह बात अलग है कि जापानी प्रशिक्षक को प्रतियोगिता स्थल के पास कुत्ते का शिकार होना पड़ा।

एनपीसी जापान की प्रशासनिक अधिकारी अयुमी हिरायामा से जब दिल्ली और कोबे की तुलना करने को कहा गया तो हंसते हुए उन्होंने कहा, "मौसम थोड़ा अलग है। कोबे में गर्मी और उमस होती है, दिल्ली में और ज्यादा है। मैं शिकायत नहीं कर रही हूं, बस तथ्य बता रही हूं। हिरायामा ने कहा, "कार्यक्रम का आयोजन बहुत अच्छा है। यहां के स्वयंसेवक कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे दयालु हैं और कड़ी मेहनत कर रहे हैं, हमारी हर तरह से मदद कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका पूरी तरह से निभा रहे हैं।"

कोबे में, जापान ने कुल 21 पदक जीते, लेकिन स्वर्ण पदकों के मामले में किस्मत साथ नहीं दे पाई। इस लिहाज से दिल्ली संस्करण उनके लिए बहुत अच्छा साबित हो रहा है। आयोजन के पहले ही दिन लम्बी दूरी के धावक केन्या करासावा की बदौलत स्वर्ण पदक जीता। शुक्रवार शाम तक जापान ने तीन स्वर्ण पदक जीत लिए थे। जापान का प्रयास बचे हुए दिनों में स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़ाना होगा।

केन्याई और जापानी कोच को कुत्ते ने काटा, स्टेडियम में इंतजामों पर सवाल

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दौरान एक आवारा कुत्ते ने जापान के कोच मिस मिएको ओकुमात्सु और केन्या टीम के कोच डेनिस मरागिया को काट लिया। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है पर इस घटना ने स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों और बार-बार चेतावनी के बावजूद दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दौरान शुक्रवार को दो विदेशी कोचों को कुत्तों ने काट लिया। इस घटना ने खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जापान के कोच मिस मिएको ओकुमात्सु और केन्या टीम के कोच डेनिस मरागिया को प्रशिक्षण सत्र के दौरान आवारा कुत्तों ने काट लिया। स्टेडियम में मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत दोनों को प्राथमिक उपचार दिया और बाद में उन्हें सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। वहां आवश्यक इंजेक्शन और दवाएं दिए जाने के बाद दोनों को उनके होटल भेजा गया।

करीब 2,200 एथलीट इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही 35 से अधिक डोपिंग नियंत्रण अधिकारी भी मौजूद हैं। आयोजन समिति का कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रतियोगिता को डोपिंग-फ्री रखने पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, इस घटना ने विदेशी दलों में चिंता जरूर बढ़ा दी है।

स्टेडियम से आवारा कुत्तों की सुरक्षा पर एमसीडी का पहरा

आयोजकों ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप से पूर्व 21 अगस्त 2025 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को आवारा कुत्तों से मुक्त कराने के लिए एमसीडी को औपचारिक अनुरोध किया गया था। एमसीडी ने समय रहते स्टेडियम को खाली कराया और पहले दिन से ही डॉग कैचिंग वाहन तैनात कर दिए। बावजूद इसके बाहर लोगों की ओर से कुत्तों को खाना खिलाने से वे पुनः अंदर आ जाते हैं। अब एमसीडी ने दो विशेष टीमों को स्टेडियम परिसर में स्थायी रूप से तैनात किया है। सभी कुत्तों को पशु कल्याण मानकों के तहत शेल्टर होम भेजा जा रहा है। खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

क्या है कॉल रूम?

कॉल रूम वह स्थान होता है जहां खिलाड़ी अपनी प्रतिस्पर्धा से पहले इकट्ठा होते हैं। स्टेडियम में दो कॉल रूम बने हैं, जो मुख्य प्रतियोगिता क्षेत्र और वार्म-अप जोन के निकट स्थित हैं। केन्याई टीम के अधिकारी जोएल अटुति ने बताया कि सुबह लगभग 10 बजे यह घटना हुई। कोच डेनिस अपने एक खिलाड़ी से स्टेडियम के कॉल रूम के पास बात कर रहे थे, तभी अचानक एक कुत्ता उन पर झपटा और काट लिया। उनके पैर से खून बहने लगा। इसी तरह जापान की कोच भी कुत्ते के हमले की शिकार बनीं।

रिलेटेड पोस्ट्स