भारत सुपर ओवर का सरदार, अर्शदीप रहे असरदार

सुपर ओवर में आज तक टीम इंडिया सब पर भारी

खेलपथ संवाद

दुबई। शुक्रवार को एशिया कप 2025 में भारत ने जीत का छक्का लगाया। भारत-श्रीलंका के बीच सुपर 4 का मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया मैच रोमांचक थ्रिलर साबित हुआ। कारण कि मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा। मगर सुपर ओवर में आखिरकार जीत भारत की हुई। भारत का सरदार इस कदर असरदार साबित हुआ कि टीम इंडिया ने एशिया कप में जीत का छक्का लगा दिया।

टीम इंडिया का विजय रथ अब भी जारी है। अगर भारत सुपर ओवर में श्रीलंका को पटखनी देने में कामयाब रहा तो इसमें सबसे बड़ा रोल टीम इंडिया के सरदार अर्शदीप सिंह का है। दरअसल, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत और श्रीलंका टीमों ने 20 ओवरों में 202 रन बनाए। इसके कारण मुकाबला टाई हो गया। अब बारी सुपर ओवर की थी। भारत के पास कुलदीप, अर्शदीप, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा और अक्षर पटेल जैसे बॉलर थे। मगर सूर्य कुमार यादव ने टीम इंडिया के सरदार अर्शदीप पर भरोसा जताया।

यह जानते हुए कि अर्शदीप का स्पेल सुपर ओवर से पहले अच्छा नहीं गया था। सुपर ओवर में लेफ्ट-आर्म पेसर अर्शदीप सिंह ने ऐसी घातक गेंदबाजी की, जिससे श्रीलंका टीम महज 2 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ने पहली ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी छठी लगातार जीत दर्ज की और फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार है।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की विस्फोटक पारी से भारत ने 202 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। इसके बाद बारी श्रीलंका टीम की थी। ओपनर पथुम निसंका ने कमाल कर दिया। उन्होंने 58 गेंदों पर 107 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके दम पर 20 ओवर में श्रीलंका ने 202 रन बनाकर मैच को टाई करा दिया। श्रीलंका की मैच पर पकड़ मजबूत थी। मगर भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी के पांच ओवर में गेम को पलट दिया। अंतिम 5 ओवरों में श्रीलंका को महज 40 रनों की जरूरत थी, मगर भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कमाल किया। 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने मेंडिस का विकेट लेकर बाजी पलट दी। हालांकि, मैच टाई हो गया।

अब बारी सुपर ओवर के रोमांच की थी। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी-20 के स्पेशलिस्ट गेंदबाज अर्शदीप सिंह को गेंद सौंपी। अर्शदीप उनकी उम्मीदों पर खड़े उतरे। उन्होंने अपने अनुभव का फायदा उठाया और घातक गेंदबाजी से कमाल कर दिखाया। अर्शदीप सिंह की पहली गेंद पर कुशल परेरा कैच आउट हुए, जबकि चौथी गेंद पर दासुन शनाका भी कैच दे बैठे। अर्शदीप ने यॉर्कर और शॉर्ट गेंदों का मिश्रण किया, जिससे श्रीलंका महज दो रन बना सकी। भारत ने 3 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

अब सवाल है कि आखिर सुपर ओवर में सूर्यकुमार यादव ने अर्शदीप सिंह पर ही भरोसा क्यों जताया? इसका कारण है कि टी-20 में अर्शदीप सिंह का आंकड़ा बेहद असरदार है। अर्शदीप ने 64 टी-20 मैचों में 100 विकेट लिए हैं। यह उन्हें भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला टी-20  बॉलर बनाता है। उनकी औसत इकोनॉमी रेट 8.0 के आसपास है, मगर डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर डिलीवरी ने उन्हें स्पेशलिस्ट बना दिया है। वह टी-20 में भारत की ओर से 100 विकेट लेने वाले पहले बॉलर हैं। अब उन्हें टी-20 का अच्छा खासा अनुभव हो गया है। दबाव में कैसे गेंदबाजी की जाती है, यह उन्हें पता है। इसलिए सुपर ओवर का प्रेशर उन्होंने अच्छे से संभाला।

सुपर ओवर में भारत का 100% रिकॉर्ड

दिलचस्प बात यह कि टीम इंडिया का सुपर ओवर में रिकॉर्ड परफेक्ट है। भारत कभी सुपर ओवर में मैच नहीं हारा है। कहानी 2007 टी20 वर्ल्ड कप से शुरू होती है, जहां भारत ने पाकिस्तान को बॉल आउट में हराया था। अगर हम इसे भी छोड़ दें तो भारत का टाई मैचों में 100% जीत का रिकॉर्ड है। 2020 से अब तक भारतीय टीम 5 सुपर ओवर खेले हैं। टीम को हर एक मैच में जीत मिली है। आखिरी बार 2024 में श्रीलंका के खिलाफ भारत ने सुपर ओवर खेला था जहां 137 रन बनाए थे और मैच टाई हुआ। अब एशिया कप में भी भारत ने श्रीलंका के खिलाफ मैच टाई करने के बाद सुपर ओवर में जीत हासिल की।

भारत ने पहला सुपर ओवर 2020 में न्यूजीलैंड के साथ खेला था। दोनों ही टीमों ने 179 रन बनाए और मैच सुपर ओवर में टीम इंडिया ने अपने नाम किया। इसी सीरीज के अगले मुकाबले में फिर से दोनों टीम के स्कोर बराबर हुए। यहां भी भारत ने मुकाबला सुपर ओवर में जीता। 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा था जहां टीम इंडिया को एक बार फिर से जीत मिली। 2024 में ही श्रीलंका ने मैच टाई करवाया लेकिन सुपर ओवर में वो मैच हार गए।

रिलेटेड पोस्ट्स