हरियाणा को हराकर झारखंड की हॉकी बेटियां बनीं चैम्पियन

इस साल राष्ट्रीय महिला हॉकी के तीनों खिताब झारखंड के नाम
राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी में यूपी ने जीता कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
काकीनाड़ा। झारखंड की हॉकी बेटियों ने हरियाणा को 2-1 से पराजित कर 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर बालिका राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप जीत ली है। इस साल महिला हॉकी के तीनों राष्ट्रीय हॉकी खिताब झारखंड की बेटियों ने ही जीते हैं। 2025 में झारखंड की दमदार हॉकी बेटियों ने सीनियर, सब जूनियर और जूनियर तीनों वर्गों में चैम्पियन बनने का अनोखा इतिहास रचा है। काकीनाड़ा में हुई जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में हरियाणा को रजत तथा उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक मिला।
यह प्रतियोगिता 1 से 12 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में झारखंड और हरियाणा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के 10वें मिनट में टीम की स्टार फॉरवर्ड और विगत कई राष्ट्रीय टूर्नामेंटों की टॉप स्कोरर स्वीटी डुंगडुंग ने तेज आक्रमण करते हुए शानदार फील्ड गोल किया। यह उनका इस चैम्पियनशिप का पांचवां गोल था, जिसके साथ ही वह टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बन गईं।
मुकाबले के 12वें मिनट में शांति कुमारी ने विपक्षी डिफेंस को चीरते हुए एक और गोल दागा और स्कोर 2–0 कर दिया। पहले हाफ में झारखंड का दबदबा पूरी तरह कायम रहा। हालांकि, दूसरे हाफ में हरियाणा ने वापसी की कोशिशें तेज कर दीं। 52वें मिनट में इसका फायदा मिला जब कीर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर कम कर दिया। इसके बाद मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन झारखंड की डिफेंस लाइन ने मजबूत खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम को बराबरी का मौका नहीं दिया और 2–1 से मैच और खिताब जीत लिया।
इस जीत के साथ झारखंड ने 2024, 2019 और 2018 के बाद चौथी बार जूनियर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया है। खास बात यह है कि इस वर्ष राज्य की महिला टीम ने सीनियर, सब जूनियर और जूनियर तीनों स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देशभर में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई
टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी झारखंड और राज्य खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों व कोचिंग स्टाफ को बधाई दी। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि हॉकी इंडिया साल में छह राष्ट्रीय चैम्पियनशिप आयोजित करता है, जिसमें तीन पुरुष वर्ग और तीन महिला वर्ग की होती हैं। इस साल महिला वर्ग की तीनों चैम्पियनशिप झारखंड ने जीती हैं। जबकि पुरुष वर्ग के सब जूनियर वर्ग में राज्य ने रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और राज्य में मजबूत हॉकी संरचना का परिणाम है। यह जीत न केवल झारखंड के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी में यूपी ने जीता कांस्य पदक
लखनऊ। यूपी ने राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। काकीनाड़ा (आंध्र प्रदेश) में आयोजित प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में टीम ने छत्तीसगढ़ को 2-0 से पराजित किया। मुकाबले की शुरुआत से ही यूपी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। खेल के 10वें मिनट में कप्तान कुमारी संगीता ने साथी खिलाड़ी के पास पर गोल करते हुए यूपी को 1-0 से बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक यह स्कोर कायम रहा। दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ ने कुछ शानदार मूव बनाए, जिसे यूपी की सजग रक्षापंक्ति ने व्यर्थ कर दिया।
इस बीच खेल के 60वें मिनट में मनीषा पटेल ने छत्तीसगढ़ की रक्षापंक्ति को भेदते हुए यूपी को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इस तरह यूपी ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम करते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। यूपी हॉकी के महासचिव रजनीश मिश्रा ने बताया कि पुरुषों के बाद यूपी की महिला टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर लम्बे अंतराल के बाद इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। इसके लिए टीम की सभी खिलाड़ी बधाई की पात्र हैं। उम्मीद है कि यूपी में अन्य आयुवर्ग की महिला टीमें इस प्रदर्शन से प्रेरित होंगी।