एमपी के युगप्रताप सिंह राठौर ने 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में जीता कांस्य

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः मलखम्भ टीम चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल। बिहार में चल रहे सातवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश के होनहार शूटर युगप्रताप सिंह राठौर ने 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक जीता वहीं मलखम्भ टीम चैम्पियनशिप में लड़कों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
इस समय बिहार में खेलो इण्डिया यूथ गेम्स चल रहे हैं। इन खेलों में मध्य प्रदेश के 176 खिलाड़ी और 53 सपोर्ट स्टॉफ सहित कुल 229 सदस्यीय दल 18 खेलों में प्रतिभागिता कर रहा है। प्रतियोगिता बिहार के पांच शहरों सहित नई दिल्ली में हो रही है। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक एक स्वर्ण तथा एक कांस्य पदक जीता है। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने राज्य खेल मलखम्ब के खिलाडियों के इस प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने आशा व्यक्त की है मलखम्भ खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भी अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश को गौरवान्ति करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखम्भ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मध्यप्रदेश ने 123.60 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, महाराष्ट्र 122.50 के साथ द्वितीय और छत्तीसगढ़ 122.05 के साथ तृतीय स्थान पर रहा। मध्यप्रदेश टीम के खिलाड़ियों में देवेन्द्र पाटीदार, यतिन कोरी, युवराज राव, नीरज काछावा, जयंत राठौर और दक्ष कहार शामिल रहे। इसी तरह मध्य प्रदेश के ही होनहार शूटर युगप्रताप सिंह राठौर ने व्यक्तिगत बालक वर्ग 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी प्रतियोगिता में राजस्थान के मयंक चौधरी ने स्वर्ण और चंडीगढ़ के धैर्य पराशर ने रजत पदक जीता है।