पंजाब की भारोत्तोलक महक शर्मा ने तीन नए रिकॉर्ड बनाए
राष्ट्रीय खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे
खेलपथ संवाद
देहरादून। पंजाब की भारोत्तोलक महक शर्मा ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के दौरान अपने तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया जबकि इस खेल में कुल चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे। भारोत्तोलन प्रतियोगिता के अंतिम दिन 29 वर्षीय महक ने शानदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं के 87 किलोग्राम से अधिक वर्ग में चुनौती पेश करते हुए महक ने स्नैच में 106 किलोग्राम वजन उठाकर 105 किलोग्राम के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने अपने अंतिम क्लीन एवं जर्क प्रयास में 141 किलोग्राम वजन के साथ 140 किलोग्राम के अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
महक ने कुल 247 किलोग्राम वजन उठाया जो उनके पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड 244 किलोग्राम से तीन किलोग्राम अधिक है। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की पूर्णिमा पांडे ने कुल 216 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता जबकि कर्नाटक की सत्या ज्योति (कुल 201 किलोग्राम) ने कांस्य पदक हासिल किया।
महक ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद कहा, मुझे पूरा भरोसा था क्योंकि मैंने कड़ा अभ्यास किया था लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं तीनों रिकॉर्ड तोड़ दूंगी। अब जब मैंने यह कर दिखाया है, तो मैं संतुष्ट हूं। मैं बहुत खुश हूं। मैं इस उपलब्धि के लिए अपने कोच और अपने परिवार के सदस्यों को धन्यवाद देती हूं। कोच की मदद के बिना इस खेल में कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता।
महक ने चार महीने से भी कम समय पहले अक्टूबर में हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दौरान अपने पिछले तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए थे। राष्ट्रीय खेलों में पदक केवल प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए कुल वजन के आधार पर दिए जाते हैं।
पुरुषों की 109 किलोग्राम से अधिक श्रेणी में तमिलनाडु के एस रुद्रमयन ने एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने स्नैच में 175 किग्रा वजन उठाया जो रेलवे के गुरदीप सिंह के 172 किग्रा के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से बेहतर था। रुद्रमयन हालांकि क्लीन एवं जर्क में 180 किग्रा वजन ही उठा सके। उन्होंने कुल 355 किग्रा वजन उठाया जिससे उन्हें रजत पदक मिला। सेना के लवप्रीत सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 165 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 202 किग्रा वजन से कुल 367 किग्रा वजन उठाया। उत्तराखंड के विवेक पांडे ने कुल 280 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।