नए एएफआई अध्यक्ष होंगे एशियाड स्वर्ण पदक विजेता बहादुर सिंह

दिग्गज लांगजम्पर अंजू बॉबी जॉर्ज होंगी वरिष्ठ उपाध्यक्ष
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। बुसान एशियाई खेलों में देश को स्वर्ण दिलाने वाले शॉटपुटर पद्मश्री बहादुर सिंह सागू भारतीय एथलेटिक महासंघ के नए अध्यक्ष होंगे। वह पूर्व ओलम्पियन आदिल सुमारीवाला की जगह लेंगे। 67 वर्षीय सुमारीवाला के तीन कार्यकाल पूरे हो चुके हैं और वह आगे चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।
उनके कार्यकाल में नीरज चोपड़ा ने ओलम्पिक का स्वर्ण और रजत जीता। सिडनी और एथेंस ओलम्पिक में खेल चुके बहादुर को सात और आठ जनवरी को होने वाली सालाना आमसभा में निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाएगा। विश्व चैम्पियनशिप की पदक विजेता अंजू बॉबी जॉर्ज को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना जाएगा। वह अध्यक्ष के लिए दावेदारी पेश कर रही थीं, लेकिन उन्होंने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते निर्विरोध चुनाव का रास्ता साफ हुआ।
1998 के एशियाड में दो स्वर्ण जीतने वाली ज्योर्तिमय सिकदर संयुक्त सचिव बनेंगी। संदीप मेहता एएफआई के नए महासचिव होंगे। 2010 के गुआंग झू एशियाड की स्वर्ण विजेता सुधा सिंह और 100 मीटर में राष्ट्रीय कीर्तिमानधारी रचिता मिस्त्री, हरजिंदर सिंह और प्रियंका भनोट कार्यकारिणी सदस्य होंगी। बहादुर सिंह की अगुवाई में 2036 तक के ओलम्पिक की रूपरेखा खींची जाएगी।