झारखंड तीसरी बार बना जूनियर महिला हॉकी चैम्पियन

मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियों ने जीता रजत पदक
झारखंड ने अब तक लगातार जीते हैं 11 पदक
खेलपथ संवाद
रांची।
गुरुवार को जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3-1 से पराजित कर तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। झारखंड की जहां तक बात इस टीम ने 2013 से इस प्रतियोगिता तक प्रतिवर्ष कोई न कोई पदक जरूर जीता है।
झारखंड की राजधानी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 30 सितम्बर से 10 अक्तूबर 2024 तक हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड और झारखंड खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के 11वें दिन फाइनल और तीसरे चौथे स्थान के लिए मुकाबले खेले गए। फाइनल मुकाबला मेजबान झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमे झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3-1 गोल से पराजित कर चैम्पियन बना।
झारखंड टीम 2018 से लगातार छठी बार फाइनल खेलते हुए 30वें मिनट में स्वीटी डुंगडुंग के हाथों पहले गोल तथा 43वें मिनट में शांति कुमारी के दूसरे गोल की बदौलत टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। 45वें मिनट में मध्य प्रदेश को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला जिसे काजल ने गोल में बदल कर वापसी करने का प्रयास किया। हालांकि 48वें मिनट में झारखंड की नीरू कुल्लू ने एक शानदार गोल कर टीम को अजेय बढ़त दिला दी। झारखंड की नीरू कुल्लू को फाइनल मैच का प्लेयर ऑफ द मैच घोषित कर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। झारखंड टीम ने 2013 से 2024 तक हर वर्ष पदक जीतते हुए लगातार 11 पदक प्राप्त किए हैं।
तीसरे और चौथे स्थान के लिए हरियाणा और ओडिसा के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें हरियाणा ने पेनाल्टी शूटआउट में ओडिसा को 2-1 से पराजित कर लगातार दूसरी वर्ष कांस्य पदक प्राप्त किया। इससे पूर्व मैदानी खेल में दोनो ही टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रही थीं। इस मैच में हरियाणा टीम की शशि खासा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने विजेता झारखंड टीम को मेडल पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया वहीं उप विजेता मध्यप्रदेश टीम को विशिष्ठ अतिथि राजकिशोर खाखा उप निदेशक और हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने तथा तृतीय स्थान प्राप्त हरियाणा टीम को पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, असरिता लकड़ा और कांति बा ने मेडल पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मौके पर कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स