कानपुर का ग्रीन पार्क मैदान गीला, तीसरे दिन का खेल शुरू होने में देरी

आज दोपहर दो बजे अम्पायर्स फिर करेंगे मैदान का निरीक्षण
खेलपथ संवाद
कानपुर।
भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन 35 ओवर का खेल होने के बाद, दूसरा दिन पूरी तरह बारिश से धुल गया। रविवार को तीसरे दिन भी लंच तक खेल शुरू नहीं हो सका। अब अम्पायर्स दो बजे मैदान का निरीक्षण करेंगे। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे है।
ग्रीन पार्क मैदान से कवर्स हटाए जा चुके हैं। हालांकि, अंपायर्स लगातार निरीक्षण के समय को बढ़ा रहे हैं। अब दोपहर दो बजे एक बार और निरीक्षण करने का फैसला किया है। इससे पहले सुबह 10 बजे और दोपहर 12 बजे दो बार मैदान का निरीक्षण किया गया। हालांकि, कुछ हिस्सों में पानी की वजह से गड्ढे हैं और कुछ हिस्सों में डैंप है जोकि खिलाड़ियों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जमीन अंदर धंस रही है। अंपायर्स लगातार मैदान पर निरीक्षण कर रहे हैं। अब दो बजे तक इंतजार करना होगा।
इस बीच मुरली कार्तिक और अतहर अली खान ने पिच का जायजा लिया और कहा- जमीन गीली है। इसे सुखाने के लिए कोई धूप नहीं है। बहुत सारे गीले धब्बे है। काली मिट्टी की सतह - यह दो दिन से प्लास्टिक के नीचे रही है। इसमें काफी नमी है. भारतीय गेंदबाजों को गेंदबाजी में मजा आएगा। यह थोड़ा नम है। ऐसे पैच हैं जहां गेंदबाज बल्लेबाजों को शॉट खेलने के लिए लुभाएंगे। यहां बल्लेबाजी करना आसान नहीं है, खासकर पहले घंटे में जब भी खेल शुरू होता है।
फिलहाल वहां कोई बारिश नहीं हो रही है, लेकिन पिच को कवर्स से ढका गया है। आज भी 59 प्रतिशत बारिश की संभावना है। मैदान गीला होने की वजह से खेल शुरू होने में देरी हो रही है। सुबह 10 बजे अंपायर्स मैदान का निरीक्षण करेंगे। सुपरसोपर्स और मैदान कर्मी मैदान को सुखाने में जुटे हुए हैं। जाकिर हसन और शदमान इस्लाम ने बांग्लादेश की टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। हालांकि, ज्यादा डॉट बॉल खेल लेने की वजह से जाकिर पर दबाव आया और वह इस दबाव में अपना विकेट गंवा बैठे। जाकिर को आकाश दीप ने यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। वह 24 गेंद में बिना खाता खोले हुए पवेलियन लौटे। इसके बाद आकाश दीप ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे शदमान इस्लाम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया।
वह 36 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। फिर मोमिनुल हक ने कप्तान शांतो के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को अश्विन ने तोड़ा। उन्होंने शांतो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 57 गेंद में छह चौके की मदद से 31 रन बना सके। इसके बाद मोमिनुल और मुशफिकुर रहीम के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हो चुकी है। मोमिनुल 40 रन और रहीम छह रन बनाकर नाबाद हैं। आकाश को दो विकेट मिले और अश्विन को एक विकेट मिला।
इससे पहले दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल पूरी तरह से धुल गया था। दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। खिलाड़ी स्टेडियम तो पहुंचे लेकिन जल्द ही फिर अपने होटल लौट गए। सुबह से ही कवर्स से मैदान को ढका गया था। भारी बारिश की वजह से मैदान में कवर्स के ऊपर पानी जमा है। पिछले एक घंटे से बारिश तो नहीं हो रही लेकिन कवर्स हटाए नहीं गए थे। फैंस काफी निराश दिखे। पहले दिन भी सिर्फ 35 ओवर का खेल हो सका था, जिसमें बांग्लादेश ने तीन विकेट गंवाकर 107 रन बनाए थे। अब भी तीन दिन का खेल बाकी है। 

रिलेटेड पोस्ट्स