भारतीय ओलम्पिक दल में तैराक धिनिधि सबसे युवा खिलाड़ी

14 साल की धिनिधि देसिंघू 200 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में भाग लेंगी
कनाडा की जिल इरविंग खेलेंगी 61 की उम्र में अपना पहला ओलम्पिक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पेरिस ओलम्पिक का काउंट डाउन शुरू हो चुका है और खेलों के इस महाकुंभ को शुरू होने में अब तीन दिन शेष रह गए हैं। भारत ने पेरिस ओलम्पिक के लिए 117 सदस्यीय दल भेजा है जिन पर पदक लाने का जिम्मा रहेगा। भारत के लिए इस बार महिला तैराक धिनिधि देसिंघू पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली सबसे युवा खिलाड़ी हैं। 14 साल की धिनिधि 200 मीटर फ्री स्टाइल में भाग लेंगी।  
भारत की ओर से सबसे युवा खिलाड़ी 14 साल की धिनिधि देसिंघू हैं। वह सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकी थीं लेकिन यूनिवर्सिलिटी कोटे के तहत उन्हें भाग लेने का मौका मिला है। वह विश्व चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों में भी हिस्सा ले चुकी हैं। वैसे भारत की ओर से सबसे युवा ओलम्पियन बनने का रिकॉर्ड आरती साहा के नाम है जिन्होंने 11 साल और 10 महीने की उम्र में हेलसिंकी ओलम्पिक में हिस्सा लिया था।
कनाडा की जिल इरविंग खेलेंगी 61 की उम्र में अपना पहला ओलम्पिक
26 जुलाई से होने वाले पेरिस ओलम्पिक में जहां ऑस्ट्रेलिया की घुड़सवारी टीम में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल 69 साल की मैरी हाना शामिल हैं तो कनाडा की घुड़सवारी टीम में जिल इरविंग भी हैं जो 61 साल की हो चुकी हैं और अपना पहला ओलम्पिक खेलेंगी। जिल को तो टोक्यो ओलम्पिक में ही खेलना था लेकिन कोरोना के कारण खेल एक साल के लिए खिसक गए और तब तक उनके घोड़े की भाग लेने की उम्र निकल गई। अब घोड़ा बदल गया पर जिल भी वही हैं और खेलने का जज्बा भी वही है। मैरी तो पोते-पोतियों वाली हैं लेकिन घुड़सवारी नहीं छोड़ी है। जिस उम्र में आमलोग लठिया और खटिया पकड़ लेते हैं मैरी पूरी शान से तनकर घोड़े पर ऐड़ लगाती हैं। अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह इस बार अपना सातवां ओलम्पिक खेलेंगी। वह ड्रेसेज में हिस्सा लेती हैं। पिछली बार टोक्यो ओलम्पिक में वह 66 साल की उम्र में भाग लेने वाली सबसे उम्रदराज थीं।
11 साल की चीनी स्केटबोर्ड खिलाड़ी सबसे युवा
पेरिस में सबसे युवा खिलाड़ी की बात करें तो चीन की स्केटबोर्ड खिलाड़ी झेंग हाओहाओ महज 11 साल की हैं और चीन की सबसे युवा ओलम्पियन हैं। उन्होंने बुडापोस्ट ओलम्पिक क्वालिफायर सीरीज में पेरिस के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। सात साल की उम्र में उन्हें एक स्केटबोर्ड जन्मदिन के तोहफे के रूप में मिला था और उसके बाद यह उनका जुनून बन गया। स्केटबोर्ड में टोक्यो ओलम्पिक में 13 साल की स्काई ब्राउन ने कांस्य पदक जीता था और देश की सबसे युवा ओलम्पिक पदक विजेता बनी थीं। इस बार वह 16 साल की उम्र में फिर से ओलम्पिक में उतर रही हैं। उनकी मां जापान की हैं और पिता ब्रिटेन के हैं।
रोहन बोपन्ना सबसे उम्रदराज भारतीय
44 वर्ष और चार महीने के बोपन्ना पेरिस ओलम्पिक में भाग लेने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय हैं। वह तीसरा ओलम्पिक खेल रहे हैं और पुरुष युगल में श्रीराम बालाजी के साथ उतरेंगे। उन्होंने लंदन ओलंपिक 2012 में महेश भूपति के साथ पदार्पण किया था। रियो ओलम्पिक में वह लिएंडर पेस के साथ दूसरे दौर में हार गए। मिश्रित युगल में वह और सानिया मिर्जा कांस्य पदक से एक जीत दूर पहुंचे थे। जनवरी में एटीपी युगल रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे बोपन्ना ने 43 वर्ष की उम्र में आस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल खिताब जीता। वह सिडनी जैकब के बाद ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज टेनिस खिलाड़ी हैं। जैकब ने 44 वर्ष 267 दिन की उम्र में पेरिस ओलम्पिक 1924 में पुरुष युगल खेला था। भारत के सबसे उम्रदराज ओलम्पियन स्कीट निशानेबाज भीम सिंह बहादुर हैं जिन्होंने 1976 मांट्रियल ओलम्पिक में भाग लिया तब वह 66 वर्ष के थे। भारतीय दल में 42 वर्ष के अचंता शरत कमल और 40 वर्ष के तीरंदाज तरुणदीप राय भी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स